Mock Drill For Civil Defence: पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ तनातनी के बीच गृह मंत्रालय ने अहम फैसला लिया है। गृह मंत्रालय का सभी राज्यों को निर्देश दिया है कि सिविल डिफेंस के लिए मॉक ड्रिल कराया जाए और इस दौरान क्रैश ब्लैकआउट की भी ट्रेनिंग दी जाए। पाकिस्तान से तनाव के बीच मंत्रालय का ये अहम फैसला है जो बताता है कि केंद्र सरकार पहलगाम आतंकी हमले के बाद बिल्कुल भी नरमी बरतने के मूड में नहीं है। पाकिस्तान को इस बार कड़ा सबक सिखाने की तैयारी है।
7 मई को मॉक ड्रिल में क्या-क्या होगा
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कई राज्यों से प्रभावी नागरिक सुरक्षा के लिए 7 मई को मॉक ड्रिल करने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि किए जाने वाले उपायों में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन का संचालन और हमले की स्थिति में खुद को बचाने के लिए नागरिक सुरक्षा पहलुओं पर नागरिकों, छात्रों आदि को प्रशिक्षण देना शामिल है। सूत्रों ने कहा कि उपायों में क्रैश ब्लैकआउट उपाय, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को जल्दी छिपाने का प्रावधान और निकासी योजना को अपडेट करना और उसका पूर्वाभ्यास भी शामिल है।
एयर रेड वॉर्निंग सायरनों की टेस्टिंग और ऑपरेशनल तैयारी
- आम नागरिकों, छात्रों आदि को ट्रेनिंग देना- हमले की स्थिति में खुद को कैसे सुरक्षित रखें
- ब्लैकआउट की तत्काल व्यवस्था- रात में रोशनी छिपाने की तैयारी
- जरूरी प्रतिष्ठानों और संयंत्रों की समय रहते कैमोफ्लाज व्यवस्था
- इवैक्युएशन प्लान की समीक्षा और उसका रिहर्सल
फिरोजपुर छावनी क्षेत्र में ब्लैकआउट पूर्वाभ्यास
पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है जिसमें 26 लोग मारे गए थे और इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। सरकार ने कहा है कि आतंकी हमले के दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच रविवार को पूरे फिरोजपुर छावनी क्षेत्र में ब्लैकआउट के लिए 30 मिनट का पूर्वाभ्यास किया गया। रिहर्सल कैंटोनमेंट बोर्ड/स्टेशन कमांडर के दिशा-निर्देशों पर आयोजित की गई। फिरोजपुर कैंट थाने के एसएचओ गुरजंट सिंह ने बताया कि ब्लैकआउट रात 9 बजे से 9:30 बजे तक था। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशानुसार लाइटें पूरी तरह बंद कर दी गई थीं। अगर कोई वाहन लाइट जला हुआ मिला तो उसे बंद कर दिया गया...पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। सभी चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
