Kangana Ranaut Interview: सांसद का पद बहुत ताकतवर होता है और उसे बहुत सारे काम करने होते हैं। लोग अपने सांसद के पास तरह-तरह की शिकायतें और मांगें लेकर आते हैं लेकिन एक सांसद के रूप में आप उनकी सभी समस्याएं दूर नहीं कर सकते। अब देश में लोगों की सेवा नहीं बल्कि उनका सहयोग एवं समर्थन करने की जरूरत है। सेवा बुजुर्गों और लाचारों की करनी चाहिए। ये बातें मंडी से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से कहीं। 'फ्रैंकली स्पीकिंग' कार्यक्रम में कंगना ने सवालों के बेबाकी से जवाब दिए।
'आप चाहकर भी लोगों की मदद नहीं कर पाते'
कंगना ने कहा कि एक साल में बहुत बदलाव आया है। राजनीति करना अब आसान काम नहीं है। बहुत काम करना पड़ता है। जब वह लोगों के बीच होती हैं तो वह उनसे जमीन से जुड़े मुद्दों पर बात करती हैं। मंडी की सांसद ने कहा कि 'लोग हमेशा शिकायत लेकर आते हैं। लोग पंचायत से लेकर अपने स्वास्थ्य, नाली, सड़क की समस्याएं लेकर आते हैं और वे आपसे मदद की गुजारिश करते हैं लेकिन आप चाहकर भी उनकी मदद नहीं कर पाते।'
देखें-कंगना रनौत का पूरा इंटरव्यू
इस सवाल पर कि आप लोगों की मदद क्यों नहीं कर पातीं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सांसद का पद बहुत ताकतवर है लेकिन इसकी अपनी एक सीमा और तरीका है। विकास कार्य करने का तरीका बहुत व्यस्थित है। डीसी का अपना काम होता है। एनएचएआई का अपना है लेकिन हमें इससे बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
बीते एक साल में मैंने मंडी में बहुत काम किया-कंगना
कंगना ने कहा कि मंडी में उन्होंने एक साल में बीएसएनल के टॉवर लगवाए, लोगों को सोलर लाइट्स दिए। उन्होंने कहा, 'अभी मैंने वहां पोषण का अभियान चलाया। विकास के कई सारे प्रोजेक्ट लॉन्च किए हैं। हमें खासकर नेताओं को यह कहने की जरूरत नहीं है कि वे लोगों की 'सेवा' करना चाहते हैं। बल्कि 'सेवा' की जगह 'सहयोग एवं समर्थन' की बात कहनी चाहिए। ऐसे लोग जो राष्ट्र निर्माण करना चाहते हैं, हमें उनका 'सहयोग' करना चाहिए। 'सेवा' बुजुर्गों और लाचार लोगों की होनी चाहिए। लेकिन एक सच्चाई यह भी है सांसदों के पास आने वाले 99 प्रतिशत से ज्यादा लोग पैसे के लिए आते हैं। वे पैसे मांगते हैं। सवाल है कि आप सब की 'सेवा' करने में लग जाएंगे तो देश का निर्माण कौन करेगा।
'मंडी के सांसदों की तुलना मेरे अब तक कार्यों से हो'
मंडी की सांसद ने कहा कि 'मैंने एक साल में बहुत काम किया है। मंडी के सांसदों के सामूहिक कार्य सामने आने चाहिए। ये जानना चाहिए कि इन्होंने लोकसभा में लोगों से जुड़े कितने सवाल उठाए? लोकसभा में उनकी उपस्थिति कितनी रही है? केंद्र की योजनाओं को उन्होंने कितना लागू कराया? मैं चाहती हूं कि इन सांसदों के कार्यों की तुलना मेरे एक साल के कामकाज से की जाए। अगर ऐसा होता है तो पता चलेगा कि मैंने एक साल में कितना काम किया है। कंगना ने बताया कि उनकी पूरी कोशिश रहती है कि वह संसद आएं लेकिन वह अभिनेत्री भी हैं और इसकी कुछ प्रतिबद्धताएं हैं। इस वजह से संसद के एक सत्र में वह हिस्सा नहीं ले पाईं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
