जम्मू-कश्मीर के डोडा में भीषण हादसे में 10 जवानों की मौत; 200 फुट गहरी खाई में गिरा बुलेटप्रूफ वाहन
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 22, 2026, 04:04 PM IST
जम्मू कश्मीर से अत्यंत दुखद सूचना सामने आई है। यहां सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 10 जवानों की दुखद मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने दुख जताया।
डोडा हादसे में घायल जवानों को किया गया एयरलिफ्ट। (फोटो- वीडियो ग्रैब)
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। जिसमें सेना के 10 जवानों की जान चली गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना भदरवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप पर हुई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने इस हादसे पर दुख जताया है।
कुल 20 जवान थे बुलेटप्रूफ वाहन में सवार
अधिकारियों ने बताया कि सेना का बुलेटप्रूफ वाहन, जिसमें कुल 20 जवान सवार थे , यह वाहन भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास से गुजर रहा था और एक ऊंचाई वाली चौकी की ओर जा रहा था। इसी बीच, वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मौके से 10 जवानों के शव बरामद किए गए थे, वहीं, सात घायल जवानों को विशेष उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे को लेकर दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभी-अभी डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की। भदेरवाह-चंबा रोड पर सेना के वाहन के दुखद हादसे के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा लगा, जिसमें 10 जवान शहीद हो गए और अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उधमपुर के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैंने कमांड अस्पताल के प्रभारी मेजर जनरल (डॉ.) संजय शर्मा से भी बात की, जो मुझे लगातार अपडेट दे रहे हैं। सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। हमारे बहादुर जवानों के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

डोडा में भीषण हादसा।
मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर दुख जताया
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर दुख जताया है। उनके कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि डोडा में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों की मृत्यु से हम अत्यंत दुखी हैं। हम अपने इन वीर जवानों की उत्कृष्ट सेवा और सर्वोच्च बलिदान को सदा याद रखेंगे। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इस दुख की घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है। घायल हुए जवानों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया गया है। हमने वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की घायलों के स्वस्थ होने की कामना
वहीं, इस हादसे को लेकर जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री ने भद्रवाह-चंबा रोड पर खन्नी टॉप में सेना के वाहन के साथ हुए दुखद हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। साथ ही, तेजी से चलाए गए बचाव और राहत कार्यों की तारीफ की।
महबूबा मुफ्ती ने भी जताई संवेदना
वहीं, महबूबा मुफ्ती ने भी एक्स पोस्ट में लिखा कि डोडा से आई दुखद खबर सुनकर बहुत दुख हुआ, जहां एक आर्मी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें 10 बहादुर सैनिकों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करती हूं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।