Manipur Latest News: हिंसाग्रस्त मणिपुर के मसले पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के मुखिया और पार्टी सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को घेरा है। शुक्रवार (28 जुलाई, 2023) रात ओवैसी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा- मसला यह है कि मोदी सरकार अपनी छवि को लेकर अधिक चिंतित है। यह बेहद शर्मनाक है कि वे हिंसा और हत्याओं के बाद भी अपनी इमेज को लेकर परेशान हैं। वे वहां होने वाले रेप को लेकर चिंतित नहीं हैं।
एआईएमआईएम नेता ने आगे बताया, "उनके लिए हर चीज साजिश है, लेकिन जो हिंसा वहां जारी है, वे उसे काबू नहीं कर पा रहे हैं। साजिश से जुड़ा नया एंगल दिया जा रहा है। रेप, लूट और हिंसा की घटनाओं के बीच आप कैसे कह सकते हैं कि यह साजिश है? यह आपकी सरकार की विफलता है। चूंकि, वायरल हुए वीडियो के चलते आपकी साख और छवि पर बट्टा लगा है। ऐसे में आप उसे लेकर चिंतित हैं।"
उधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज झा ने समाचार एजेंसी एएनआई से बताया- मणिपुर के जो हालात हैं...वहां से हम वाकिफ हैं। हम पीएम को बताना चाहते हैं कि जो उन्हें और उनकी टीम को करना चाहिए था, वह कोशिश हम कर रहे हैं। हम कितना बड़ा कर पाएंगे...यह तो पता नहीं, पर मणिपुर के लोगों की पीड़ा को समझ पाएं और शायद उस समझ को संवेदना के साथ पीएम के सामने सदन में उसे प्रकट कर पाएं। यही हमारा उद्देश्य है।
इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य सैयद नासिर हुसैन ने 28 जुलाई, 2023 को कहा, ‘‘86 दिनों से मणिपुर में हिंसा और बलात्कार हो रहे हैं। सरकार से लूटे हुए हथियार घर-घर, गली-गली पाए जा रहे हैं, जिसे अभी तक बरामद नहीं किया गया है। सूबे के घरों में हथियार पाए जा रहे हैं। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। प्रधानमंत्री मोदी को संसद में आकर बयान देना चाहिए और मणिपुर में शांति के लिए रोडमैप तैयार करना चाहिए। यह रूप रेखा संसद से ही निकल सकती है।’’
