देश

Manipur News: दो बच्चों की मौत के विरोध में कीशमथोंग में प्रदर्शन जारी, थम नहीं रहा विरोध का सिलसिला

इससे पहले भी मणिपुर के ककचिंग बाजार में सुरक्षा बल और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए थे। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा।

Image

मणिपुर में विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला

Photo : ANI

Manipur News: मणिपुर के ट्रोंगलाओबी घटना के विरोध में कीशमथोंग में प्रदर्शन जारी हैं। इस घटना में 7 अप्रैल को मोइरांग के ट्रोंगलाओबी अवांग लेइकाई क्षेत्र में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा एक घर पर बम फेंके जाने से दो बच्चों की मौत हो गई और उनकी मां घायल हो गई थी। इसे लेकर प्रदर्शनों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

ककचिंग बाजार में सुरक्षा बल और प्रदर्शनकारी आमने-सामने

इससे पहले भी मणिपुर के ककचिंग बाजार में सुरक्षा बल और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए थे। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा। बता दें कि दो बच्चों की मौत के खिलाफ कई लोग प्रदर्शन कर रहे थे। वे दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन अपराधियों को पकड़ने में विफल रहा है, जिसके कारण जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। फिलहाल ककचिंग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है ताकि हिंसा को और अधिक फैलने से रोका जा सके। इस घटना के खिलफ इंफाल ईस्ट के कोईरेंगई और हट्टा गोलपाटी, काकचिंग जिला और इंफाल वेस्ट जिले के मयाई लाम्बी में रात के समय रैलियां निकाली गईं।

21 लोगों को किया गया गिरफ्तार

हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। 18 अप्रैल को आयोजित इस 'मशाल रैली' के दौरान प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए थे, जिसमें सुरक्षाबलों पर पथराव किया गया और पेट्रोल बम फेंके गए। इस हमले में सीआरपीएफ की 232वीं बटालियन के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए और सुरक्षाबलों के वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार, यह रैली हाल ही में हुए एक बम हमले के विरोध में निकाली गई थी, जिसमें दो मासूम बच्चों की जान चली गई थी।

हिंसा के साथ-साथ पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान देने और हिंसा भड़काने के आरोप में इंफाल ईस्ट से एक 23 वर्षीय युवक को भी गिरफ्तार किया है, जो 'अरामबाई तेंगगोल' (AT) संगठन का सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने या हिंसा भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रविवार शाम को भी बम हमले के विरोध में मणिपुर घाटी के कई जिलों जैसे कोइरेंगेई, हट्टा गोलपति और ककचिंग में हजारों लोग सड़कों पर उतरे, जहां प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हुईं। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को कई स्थानों पर आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article