देश

Manik Saha: सियासत में आने से पहले डेंटल सर्जन थे माणिक साहा, 2016 में 'हाथ' छोड़ थामा 'कमल'

  • Written by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 8, 2023, 03:57 PM IST

सीएम पद की दौड़ में उनके मुकाबले हवाई चप्पल मिनिस्टर के नाम से मशहूर केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक थीं, लेकिन विधायकों ने साहा के नाम पर मुहर लगाई।

Image

माणिक साहा 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे

Photo : ANI

Who is Manik Saha: माणिक साहा ने मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार त्रिपुरा की बागडोर संभाल ली। 70 साल के साफ-सुथरी छवि वाले माणिक साहा 2016 में भाजपा में शामिल हुए। इससे पहले वह पेशे से डेंटल सर्जन रहे। बाद में राजनीति के अखाड़े में उतर आए और अब दूसरी बार प्रदेश के मुख्‍यमंत्री पद की कमान संभाली है। 6 मार्च को त्रिपुरा में भाजपा के विधायक दल की बैठक में माणिक साहा को दोबारा मुख्यमंत्री बनाए जाने का फैसला लिया गया था। उनके मुकाबले हवाई चप्पल मिनिस्टर के नाम से मशहूर केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक थीं, लेकिन विधायकों ने साहा के नाम पर मुहर लगाई।

डेंटिस्ट से बने राजनेता

70 वर्षीय डॉ. माणिक साहा डेंटिस्ट से राजनेता बने हैं। वह 2016 में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने लखनऊ में किंग जॉर्ज के मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई की है। 2022 में बीजेपी द्वारा बिप्लब देब को सीएम पद से हटाने के बाद वह 2022 में मुख्यमंत्री बने। माणिक साहा एक पूर्व खिलाड़ी भी हैं और त्रिपुरा क्रिकेट एसोसिएशन के प्रमुख रहे हैं। माणिक साहा ने 2020 से 2022 के बीच त्रिपुरा में बीजेपी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी पूरी की है। मुख्यमंत्री बनने से पहले वे राज्यसभा के लिए चुने गए थे। एक मृदुभाषी सज्जन राजनेता के रूप में पहचाने जाने वाले साहा की छवि ने त्रिपुरा में भाजपा को सत्ता विरोधी लहर से बचाने में मदद की है। उन्होंने भाजपा को दूसरी बार जिताने में अहम भूमिका निभाई है।

कांग्रेस छोड़ बीजेपी में हुए शामिल

बीजेपी में शामिल होने से पहले माणिक साहा कांग्रेस में थे और 2016 में बीजेपी में शामिल होने का फैसला लिया था। बीजेपी से जुड़ने के बाद उन्हें बूथ प्रबंधन समिति और राज्य स्तरीय स्दस्यता अभियान के प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया था। इस जिम्‍मेदारी पर वह खरे उतरे और इसे बखूबी निभाया। माणिक साहा को 2022 में सीएम बनाए जाने से एक महीने पहले ही राज्यसभा सांसद चुना गया था। लेकिन विवादों के चलते जब बिप्लब देव को हटाए का फैसला हुआ तो साहा को सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनकी जगह बाद में देब को राज्यसभा भेजा गया।

माने जाते हैं सबसे अमीर विधायक

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा राज्य के सबसे अमीर विधायक माने जाते हैं। साहा के पास कुल 13.90 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 1.10 करोड़ रुपये की चल और 12.80 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। इस बार उन्होंने पश्चिमी त्रिपुरा के टाउन बारदोवाली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांटे की टक्कर में जीत हासिल की थी। साहा ने 1257 वोटों से चुनाव जीता।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article