Golden Temple: पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने लोहे की रॉड से श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया जिसमें पांच लोग घायल हो गए। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के कर्मचारी ने हमलावर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
हमलावर गिरफ्तार
पुलिस ने श्रद्धालुओं पर लोहे की रॉड से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुटी हुई है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में एसीपी जसपाल सिंह ने बताया कि गुरु रामदास सराय की दूसरी मंजिल पर हमलावर चढ़ा हुआ था और उसके हाथ में लोहे की रॉड थी।
हमलावर की हुई पहचान
हमलावर की पहचान हरियाणा के यमुना नगर निवासी जुल्फान के तौर पर हुई है। हमलावर को गुरु रामदास सराय की दूसरी मंजिल पर चढ़ता देख जब एसजीपीसी कर्मचारी ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने कर्मचारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान श्रद्धालु और अन्य कर्मचारी हमलावर को रोकने की कोशिश में जुट गए तो उसने उन तमाम लोगों पर हमला कर दिया।
बकौल पुलिस, हमलावर ने 5 लोगों को घायल कर दिया। फिलहाल हमलावर पुलिस की गिरफ्त में है। एसीपी जसपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
