देश

'BJP-RSS वाले नहीं गए जेल, फिर भी देते हैं देशभक्ति का ज्ञान', हल्द्वानी में सरकार पर जमकर गरजे मल्लिकार्जुन खरगे

उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी और आरएसएस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में बीजेपी और आरएसएस का कोई योगदान नहीं रहा है और देश की आजादी की लड़ाई केवल कांग्रेस ने लड़ी है।

Image

हल्द्वानी रैली में मल्लिकार्जुन खरगे का जोरदार हमला

Photo : ANI

उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की सत्तारूढ़ बीजेपी और आरएसएस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। खरगे ने सीधे तौर पर कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में बीजेपी और उनके मातृ संगठन आरएसएस का कोई योगदान नहीं रहा है। आजादी की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस ने लड़ी थी और आज भी लोकतंत्र को बचाने का काम कांग्रेस ही कर रही है।

खरगे ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस के पास देश की आजादी के लिए दिए गए योगदान का कोई इतिहास नहीं है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या आरएसएस या बीजेपी का कोई नेता आजादी के आंदोलन के दौरान देश के लिए जेल गया? उन्होंने कहा कि अगर कोई जेल गया भी होगा, तो वह पहले कांग्रेस में रहा होगा और बाद में उधर भागा होगा, लेकिन बीजेपी का कोई सच्चा कार्यकर्ता स्वतंत्रता संग्राम में शामिल नहीं हुआ। इसके बावजूद वे दूसरों को देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं, जबकि असली देशभक्त कांग्रेस के लोग हैं। खरगे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी की धमकियों से डरने या झुकने वाली नहीं है।

राहुल गांधी ने जमीन पर जाकर सुनी लोगों की समस्याएं

अपने संबोधन के दौरान खरगे ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयासों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा की। वह लगातार युवाओं, किसानों, छात्रों और गरीबों के मुद्दों को उठा रहे हैं और धरातल पर जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। खरगे ने पूछा कि क्या बीजेपी में कोई ऐसा नेता है जो जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझता हो?

खरगे ने 'भारत छोड़ो आंदोलन' को किया याद

इस मौके पर खरगे ने 8 अगस्त 1942 के ऐतिहासिक दिन का जिक्र करते हुए महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए 'भारत छोड़ो आंदोलन' को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के 'करो या मरो' के नारे ने पूरे देश को एकजुट कर अंग्रेजों के पैर उखाड़ दिए थे। इसके अलावा खरगे ने उत्तराखंड की पावन भूमि, कुमाऊं और गढ़वाल रेजीमेंट के पराक्रम तथा प्रथम परमवीर चक्र विजेता के योगदान को नमन करते हुए कहा कि देवभूमि के लोग देश की रक्षा के लिए हमेशा गर्व से आगे रहे हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article