TMC Split: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में अब संकट गहराता जा रहा है। टीएमसी में चल रही बगावत रविवार को अपने चरम पर पहुंच गई, जब पार्टी के असंतुष्ट सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी (NCPI) में अपने विलय की घोषणा कर दी। इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सदन में अपने लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की है।
टाइम्स नाउ के सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी के बागी सांसदों ने पार्टी नेतृत्व से अलग होने का फैसला करते हुए नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी (NCPI) में विलय का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को समर्थन देने का मन बनाया है।
इससे पहले दिन में, टीएमसी के बागी सांसद केंद्रीय मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर एकजुट हुए, जहां पर भविष्य की रणनीतियों पर चर्चाएं हुईं। इस बैठक में ममता बनर्जी की कभी करीबी मानी जाने वाली सायोनी घोष भी शामिल थीं।
सूत्रों के मुताबिक, बागी सांसदों ने ममता बनर्जी की पार्टी से रिश्ता तोड़ने का अपना प्लान फाइनल कर लिया है और वह नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में विलय के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, बागी गुट भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को अपना समर्थन देगा और पीएम मोदी के नेतृत्व में देश के लिए काम करेगा।
बंद्योपाध्याय ने विलय की पुष्टि की
टीएमसी के बागी गुट में हाल ही में शामिल हुए सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, ''हम नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह एक राजनीतिक दल है। यह एक मान्यता प्राप्त रीजनल पार्टी है। हमने इसके साथ विलय कर लिया है... यह कोर्ट में तय होगा कि असली टीएमसी कौन सी है।'' बता दें कि 'नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी' त्रिपुरा की एक कम प्रसिद्ध पंजीकृत, लेकिन गैर-मान्यता प्राप्त पार्टी है।
लोकसभा स्पीकर से मिले TMC के बागी गुट
दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से टीएमसी के बागी गुट के सांसदों ने मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि टीएमसी के दो-तिहाई लोकसभा सदस्यों ने एक अलग समूह के रूप में मान्यता देने के लिए लोकसभा स्पीकर को पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा, "टीएमसी के दो-तिहाई सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को अलग बैठने की व्यवस्था के लिए पत्र दिया है। हम नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी में विलय करेंगे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन करेंगे।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: TMC में टूट के बीच उद्धव गुट को फिर सताने लगा 'ऑपरेशन टाइगर' का डर! मातोश्री में सांसदों की बैठक; संजय राउत ने तोड़ी चुप्पी
अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ जब टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा। अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर से आग्रह किया है कि वह पार्टी का अलग गुट होने का दावा करने वाले किसी भी समूह को कोई मान्यता, दर्जा या सुविधा नहीं दें।
