Congress Leader Ved Prakash: कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रमुख मेजर (सेवानिवृत्त) वेद प्रकाश (Ved Prakash) का शनिवार को निधन हो गया। वह 85 साल के थे।उनके पुत्र विपुल प्रकाश ने यह जानकारी दी, विपुल ने बताया, 'मेरे पिता आज अपराह्न करीब एक बजे कांग्रेस मुख्यालय में अचानक गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, हालांकि उनका वहां पहुंचने के पहले ही निधन हो गया था।'
उन्होंने बताया कि वेद प्रकाश का शुक्रवार को जन्मदिन था। वह 85 साल के हुए थे।विपुल ने कहा, 'मेरे पिता का दिल कांग्रेस के लिए धड़कता था और पार्टी के प्रति उनका इतना लगाव था कि वह इस उम्र में भी प्रतिदिन कांग्रेस मुख्यालय जाते थे।'
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य, मेजर वेद प्रकाश जी के निधन का समाचार दुखद है। देश के लिए सदा समर्पित, मेजर साहब का देहांत कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके प्रियजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।'
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित एवं पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष रहे मेजर वेद प्रकाश जी के निधन का दुखद समाचार मिला। मेजर वेद प्रकाश जी ने अपना पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार को एक अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।'
