देश

'सभी यात्री सुरक्षित, ट्रेन में आग कैसे लगी जांच जारी है', राजधानी एक्सप्रेस आग हादसे पर बोले रेलवे अधिकारी

Rajdhani Express Fire: तिरुवनंतपुरम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट के बीच आग लग गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Image

सभी यात्री सुरक्षित, रेलवे ने तुरंत की कार्रवाई

Photo : Times Now Digital

Rajdhani Express Fire: मध्य प्रदेश में लूनी रिछा (LNR) और विक्रमगढ़ आलोट (VMA) स्टेशनों के बीच ट्रेन (Train Fire) संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच (एसएलआर के पास) आज सुबह आग लग गई। घटना के बाद प्रभावित दो कोच के सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी भी यात्री या रेलवे कर्मचारी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस पूरे घटना को लेकर जबलपुर (मध्य प्रदेश) स्थित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन संख्या 12431 तिरुवनंतपुरम–हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी कोच और एसएलआर कोच में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तुरंत जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन से उतार दिया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। प्रभावित कोचों को तुरंत बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया और स्थानीय प्रशासन की मदद से दमकल विभाग को बुलाकर आग पर काबू पाया गया।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 किया जारी

फिलहाल ट्रेन वहीं खड़ी है और डीजल इंजन के पहुंचते ही इसे आगे रवाना किया जाएगा। प्रभावित यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया गया है और उन्हें अन्य कोचों में समायोजित किया जा रहा है। इसके अलावा कोटा में एक अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की जा रही है ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और अन्य संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन रेलवे ने जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि आग लगने की वजह का पता लगाया जा सके।

सूचना मिलते ही कर्मचारी और अधिकारी हुए एक्टिव

वहीं पर रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आज सुबह करीब 5:15 बजे यह आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा, प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया और दमकल विभाग, राज्य प्रशासन तथा रेलवे अधिकारियों को सूचित किया। त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मौके पर दमकल विभाग की तीन इकाइयां, एम्बुलेंस और नागरिक प्रशासन की टीमें मौजूद हैं और मिलकर काम कर रही हैं। रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

कोटा से अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था की जा रही है और ट्रेन के शेष हिस्से को 30 से 45 मिनट में आगे रवाना करने की तैयारी है। इसके बाद ट्रैक मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा। इस घटना के कारण दोनों दिशाओं में ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है और लगभग 5 से 6 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें। रेलवे ने घटना की जांच के आदेश भी दे दिए हैं ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article