असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए एक के बाद एक तीन बड़े प्रशासनिक कदम उठाए हैं। पहला, आयोग ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षक (Special Observer) की नियुक्ति की है, जो पूरे चुनावी तंत्र पर सीधे नजर रखेंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत रिपोर्ट करेंगे।
दूसरा, कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के उद्देश्य से राज्य के कई जिलों में एसएसपी/पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए गए हैं। चुनाव आयोग का मानना है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए संवेदनशील जिलों में प्रशासनिक बदलाव जरूरी हैं।
तीसरा और सबसे अहम कदम उठाते हुए आयोग ने असम सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 2010 से 2021 बैच तक के सभी IAS अधिकारियों की सूची मांगी है, ताकि उन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के रूप में नई तैनाती के लिए विचार किया जा सके। आयोग ने यह सूची तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है, जिससे चुनाव से पहले प्रशासनिक ढांचा पूरी तरह बदला जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, ये सभी कदम चुनाव से पहले प्रशासनिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के स्थानीय प्रभाव को खत्म करने की रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं।
असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव करते हुए कई जिलों में नए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) की नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
निर्वाचन आयोग ने समीक्षा के बाद निर्देश दिया है-
- डॉ. पी. उदय प्रवीण (IAS 2016) को कोकराझार का DEO बनाया जाए
- स्मृति सिंह (IAS 2021) को माजुली का DEO नियुक्त किया जाए
- किमनी चांगसांग (IAS 2014) को बकसा का DEO बनाया जाए
- मधुसूदन नाथ (IAS 2014) को चिरांग का DEO नियुक्त किया जाए
- जय विकास (IAS 2021) को उदलगुड़ी का DEO बनाया जाए
आयोग ने निर्देश दिया है कि इन अधिकारियों की तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू की जाए और उनकी जॉइनिंग की रिपोर्ट 17 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे तक भेजी जाए। इसके साथ ही आयोग ने साफ किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव खत्म होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा
गौर हो कि निर्वाचन आयोग ने रविवार यानी 15 मार्च को असम समेत चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का एलान किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह व विवेक जोशी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है।
असम में वोटिंग 9 अप्रैल को 1 चरण में और नतीजे 4 मई को
असम विधानसभा चुनाव 2026 की तारीख ऐलान हो गया है, असम में वोटिंग 9 अप्रैल को 1 चरण में होंगी और जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे।
15वीं असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त हो रहा है।
