देश

महाराष्ट्र TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, विपक्ष ने भाजपा सरकार को घेरा; शिंदे बोले- मकोका के तहत होगी कार्रवाई

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना अन्य दलों को तोड़ने में बिजी हैं, और कानून व्यवस्था गर्त में जा रही है।

Image

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा लीक पर हंगामा। (फोटो- ai)

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 का कथित प्रश्नपत्र लीक होने के बाद राज्य की राजनीति में घमासान मच गया है। रविवार को आयोजित होने वाली परीक्षा को अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया, जिसके बाद विपक्ष ने भाजपा-नीत महायुति सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। वहीं, राज्य सरकार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

सचिन पायलट ने उठाये भाजपा सरकार पर सवाल

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर कहा कि पहले NEET, फिर CBSE के मार्किंग सिस्टम में गड़बड़ी और अब महाराष्ट्र TET का पेपर लीक होना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार देश की शिक्षा व्यवस्था को संभालने में नाकाम रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में 90 से अधिक पेपर लीक हो चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों के आक्रोश को हल्के में नहीं लेना चाहिए और परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाने होंगे।

अखिलेश यादव ने भी बोला हमला

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक अब सामान्य बात बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि विकसित भारत का सपना साकार करना है तो सबसे पहले परीक्षाओं की विश्वसनीयता बहाल करनी होगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाएं जारी रहेंगी।

राहुल गांधी ने भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) के कथित पेपर लीक और पोस्टपोन होने को युवाओं के भविष्य के साथ "चोरी" बताया। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्वीटर) लिखा कि, "एक और पेपर लीक, एक और परीक्षा रद्द। इस बार महाराष्ट्र का TET। देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को वसूली का सिस्टम बना दिया गया है, जिससे देश का हर युवा असुरक्षित है। यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, यह युवाओं के भविष्य की चोरी है।''

प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने युवाओं से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि NEET, CBSE, SSC, CUET और अब TET जैसी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक छात्र संगठित होकर आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक सरकार जवाबदेही तय नहीं करेगी। एक बार फिर से तुम्हारे साथ धोखा हुआ है। महाराष्ट्र में TET का पेपर लीक हो गया और परीक्षा टल गई। उन्होंने कहा, 'NEET, CBSE, SSC, CUET और अब TET... यह सिलसिला बंद तभी होगा जब आंदोलन खड़ा करके अपनी ताक़त दिखाओगे। जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री जी की तुम्हारे प्रति कोई जवाबदेही नहीं बनेगी। न वे परीक्षाओं में भ्रष्टाचार पर लगाम लगायेंगे, न तुम्हारे भविष्य की ज़िम्मेदारी लेंगे।'

हर्षवर्धन सपकाल ने डिप्टी सीएम शिंदे पर साधा निशाना

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आरोप लगाया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गढ़ ठाणे जिले में लीक हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले गिरोह को राजनीतिक संरक्षण कौन दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक अब इक्का-दुक्का घटनाएं नहीं, बल्कि राज्य सरकार की पहचान बन गई हैं। कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी।

'लाखों विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य की चोरी'

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने इसे लाखों विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य की चोरी करार दिया। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अमोल मतेले ने कहा कि यदि शिक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र सुरक्षित नहीं रह सकता, तो राज्य की कोई भी परीक्षा सुरक्षित नहीं मानी जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक दलों को तोड़ने में व्यस्त है, जबकि परीक्षा प्रणाली लगातार कमजोर होती जा रही है।

शिंदे बोले- यह शर्मनाक, करेंगे कार्रवाई

विपक्ष के आरोपों के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मामले को "बेहद शर्मनाक" बताते हुए कहा कि मुख्य आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज कराने के लिए वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गहन, निष्पक्ष और सख्त जांच कराई जाएगी तथा दोषियों को उनके पद या प्रभाव की परवाह किए बिना बख्शा नहीं जाएगा। शिंदे ने पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होने से बच गया।

कैसे लीक हुआ पेपर

दरअसल, ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ लोग शिक्षक पात्रता परीक्षा का प्रश्नपत्र बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने बिहार और हरियाणा के रहने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उनके पास से बरामद प्रश्नपत्रों का मिलान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मूल प्रश्नपत्र से किया, जिसके बाद उनकी प्रामाणिकता की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए विभिन्न राज्यों में टीमें भेजी गई हैं।

जांच के लिए एसआईटी गठित

मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसकी अगुवाई पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड़ करेंगे। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 और अन्य संबंधित कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नए कानून के तहत दोषियों के खिलाफ गैर-जमानती और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और जांच एजेंसियों को निष्पक्ष जांच का अवसर देने के लिए स्थगित किया गया है। परिषद ने स्पष्ट किया कि लगभग 6 लाख अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा और उनसे कोई अतिरिक्त पंजीकरण शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इस परीक्षा का आयोजन राज्य के 37 शहरों में 1,728 परीक्षा केंद्रों पर होना था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article