देश

लंदन से मुंबई लौटे डिप्टी CM एकनाथ शिंदे फ्लाइट में भूले अपना iPhone, 1 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला

लंदन दौरे से लौटे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपना iPhone ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में ही भूल गए। तड़के 3 बजे अहसास होने के बाद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने अभियान चलाकर 1 घंटे में फोन ढूंढ निकाला।

Image

पुलिस और एयरलाइन सिक्योरिटी ने चलाया सर्च ऑपरेशन

Photo : PTI

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ब्रिटेन (लंदन) दौरे से वापसी के दौरान मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब उनका आईफोन ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में ही छूट गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक हफ्ते भर के लंदन प्रवास के बाद शिंदे का विमान तड़के करीब 2:00 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर लैंड हुआ था। एयरपोर्ट से अपने आधिकारिक आवास पहुंचने के बाद रात 3:00 बजे के आसपास उन्हें अहसास हुआ कि उनका मोबाइल फोन गायब है।

देर रात चला सर्च ऑपरेशन, 1 घंटे में मिला फोन

जैसे ही डिप्टी सीएम को अपना फोन न मिलने की बात समझ आई, उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम को तुरंत सूचित किया गया। मुंबई पुलिस ने तुरंत एयरपोर्ट पर ब्रिटिश एयरवेज के सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क साधा और पुलिस और एयरलाइन सिक्योरिटी ने मिलकर लैंड कर चुके विमान के भीतर गहन तलाशी अभियान चलाया। खोजबीन शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर, तड़के करीब 4:00 बजे आईफोन को विमान के अंदर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया और शिंदे को सौंप दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एकनाथ शिंदे वीडियो कॉल के लिए अक्सर आईफोन का इस्तेमाल करते हैं। यह पहला मौका नहीं है जब उनका फोन कहीं छूटा हो; इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनका फोन मिसप्लेस हुआ था, जिसे बाद में ढूंढ लिया गया था।

कैसा रहा शिंदे का UK दौरा

एकनाथ शिंदे 5 सितंबर को सहयोगियों के साथ लंदन गए थे। अपने करीब एक सप्ताह के ब्रिटेन प्रवास के दौरान उन्होंने कई खास गतिविधियों में हिस्सा लिया। उन्हें यूके पार्लियामेंट के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में 'कॉमनवेल्थ लीडरशिप' और हाउस ऑफ कॉमन्स में 'स्टेट्समैनशिप' अवार्ड समेत कुल तीन सम्मानों से नवाजा गया। दौरे के दौरान वे मशहूर भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली से मिले। उन्होंने लंदन स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के पूर्व निवास पर बने स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा के दौरान लंदन की सड़कों पर शिंदे का वड़ा पाव खाते हुए अंदाज भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article