देश

MP में कैबिनेट विस्तार, अटल जी की जयंती पर नई सरकार ने लिया आकारः देखें, किसके-किसके सिर सजा मंत्री पद का ताज

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 25, 2023, 05:29 PM IST

Madhya Pradesh Cabinet Expansion: वैसे, मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सीएम यादव ने सोमवार को कहा कि नया मंत्रिमंडल पीएम मोदी और बाकी सीनियर बीजेपी नेताओं के मार्गदर्शन में राज्य की बेहतरी के लिए काम करेगा।

Image

म.प्र में 25 दिसंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हुआ।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Madhya Pradesh Cabinet Expansion: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाले नए मंत्रिमंडल का विस्तार सोमवार (25 दिसंबर, 2023) को हुआ। सूबे की राजधानी भोपाल के राज भवन में दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे यह कार्यक्रम हुआ, जिसमें राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने 18 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे रोचक बात है कि सूबे में नई सरकार ने आकार पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लिया।

मंत्री के नाते भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कुल 28 नेताओं ने शपथ ली। 18 नेता कैबिनेट मंत्री बनाए गए, जिनमें प्रद्यमुन सिंह तोमर, प्रह्लाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और विश्वास सारंग के नाम हैं। वहीं, छह नेताओं ने मिनिस्टर ऑफ स्टेट (स्वतंत्र प्रभार) और चार ने राज्य मंत्री के नाते शपथ ग्रहण की।

MP Cabinet Expansion

म.प्र में मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम के बाद साथ फोटो खिंचाते सभी 28 मंत्री।

ये हैं मोहन यादव के 'स्पेशल 28'

कैबिनेट मंत्रीः विजय शाह, कैलाश विजयवर्गीय, प्रह्लाद पटेल, करण सिंह वर्मा, राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह , संपतिया उइके, तुलसीराम सिलावट, ऐदल सिंह कंसाना, गोविंद सिंह राजपूत, विश्वास सारंग, निर्मला भूरिया, नारायण सिंह कुशवाहा, नागर सिंह चौहान, प्रद्युम्न सिंह तोमर, राकेश शुक्ला, चैतन्य कश्यप और इंदर सिंह परमार।

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार): कृष्णा गौर, धर्मेंद्र भाव लोधी, दिलीप जयसवाल, गौतम टेटवाल, लाखन पटेल और नारायण सिंह पवार।

राज्य मंत्री: नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रतिमा बागरी, दिलीप अहिरवार और राधा सिंह।

मंत्रिमंडल में कितनी महिलाएं?

यादव के मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट रैंक (संपतिया उइके और निर्मला भूरिया), तीन राज्य मंत्री (कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी और राधा सिंह) समेत कुल पांच महिलाओं को शामिल किया गया है।
Jyotiraditya Scindia meets Mohan Yadav

म.प्र मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिराजित्य सिंधिया और सूबे के सीएम मोहन यादव की भेंट हुई।

यादव की अगुवाई वाले मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में दो उप-मुख्यमंत्री (राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा) हैं, जबकि मंत्रिमंडल के सदस्यों की कुल संख्या मौजूदा समय में 31 है। हालांकि, अधिकतम संख्या मुख्यमंत्री समेत 35 हो सकती है।

वैसे, मंत्रिमंडल विस्तार से पहले सीएम यादव ने सोमवार को कहा कि नया मंत्रिमंडल पीएम मोदी और बाकी सीनियर बीजेपी नेताओं के मार्गदर्शन में राज्य की बेहतरी के लिए काम करेगा।

इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया, "मध्य प्रदेश का सौभाग्य है कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर नई सरकार आकार ले रही है। इस मंत्रिमंडल में अनुभव की भट्टी में पके वरिष्ठ राजनेता और युवा जोश शामिल है।"

वह आगे बोले- मंत्रिमंडल पूरी तरह संतुलित है और इसमें क्षेत्रीय आवश्यकताओं को भी ध्यान में रखा गया है। पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम यादव की अगुवाई में प्रदेश को नई सरकार सुशासन देगी।

दरअसल, पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सूबे में 163 और कांग्रेस ने 66 सीटें जीती थीं। यादव के अलावा शुक्ला और देवड़ा ने 13 दिसंबर को पद की शपथ ली थी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ... और देखें

End of Article