PM modi in lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस कॉम्प्लेक्स में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं। यह भारत की राजनीतिक सोच, राष्ट्र निर्माण और सार्वजनिक जीवन में उनके महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन लखनऊ में किया गया। पीएम गुरुवार दोपहर यूपी की राजधानी में पहुंचे हैं। साथ ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व सीएम योगी भी दिखे। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ' राष्ट्र प्रेरणा स्थल उस सोच का प्रतीक है जिसने भारत को आत्मसम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया है।'
उन्होंने कहा, '2014 से पहले लगभग 25 करोड़ लोग सोशल सिक्योरिटी योजनाओं के तहत कवर थे; आज यह संख्या 95 करोड़ है।' वे बोले- मोदी ने दीनदयाल के अंत्योदय विजन को अपना मिशन बनाया है, ताकि बिना किसी भेदभाव के सभी गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
साथ ही लखनऊ में संबोधन के दौरान पीएम ने कहा, 'BJP को गर्व है कि हमारी सरकार को आर्टिकल 370 की दीवार गिराने का मौका मिला।' मोदी बोले- वह दिन दूर नहीं जब UP का डिफेंस कॉरिडोर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के लिए दुनिया भर में जाना जाएगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में क्या?
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में एक अत्याधुनिक म्यूजियम भी है, जिसे कमल के फूल के आकार में डिजाइन किया गया है और यह लगभग 98,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह म्यूजियम भारत की राष्ट्रीय यात्रा और इन दूरदर्शी नेताओं के योगदान को एडवांस्ड डिजिटल और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के जरिए दिखाता है, जिससे विजिटर्स को एक आकर्षक और एजुकेशनल अनुभव मिलता है।
वाजपेयी की जयंती आज
मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर यहां लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल को देश को समर्पित किया और यहां स्थापित पं श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि आज वाजपेयी की 101वीं जयंती है।
