देश

LPG संकट: संसद परिसर में TMC का प्रदर्शन, डिंपल, थरूर-चंद्रशेखर ने बोला सरकार पर हमला

तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने शुक्रवार को एलपीजी सिलेंडरों की कमी के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर बैनर-पोस्टर लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। संकट कितना बड़ा है, यह बताने के लिए सांसदों ने 'एलपीजी-एलपीजी' जोर-जोर से बोला। कुछ सांसदों ने खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर चिंता जताई।

Image

एलपीजी संकट के खिलाफ विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन।

Photo : ANI

LPG Crisis: देश में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत पर सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। लोगों को हो रही दिक्कतों का हवाला देकर विपक्ष लगातार सरकार पर तीखे हमले कर रहा है। तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने शुक्रवार को एलपीजी सिलेंडरों की कमी के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर बैनर-पोस्टर लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। संकट कितना बड़ा है, यह बताने के लिए सांसदों ने 'एलपीजी-एलपीजी' जोर-जोर से बोला। कुछ सांसदों ने खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर चिंता जताई। सांसदों ने नारा लगाया 'कतार में खड़े हिंदुस्तान, मोदी घूमें चीन-जापान।'

एलपीजी संकट पर हंगामा, संसद 2 बजे तक स्थगित

कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने देश में एलपीजी की किल्लत के विषय को लेकर शुक्रवार को लोकसभा में हंगामा किया, जिसके कारण सदन की बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही जब एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे शुरू हुई तो विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। उन्होंने 'मोदी जी, एलपीजी’ के नारे लगाए। पीठासीन सभापति संध्या राय ने शोर-शराबे के बीच आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए।

रिजीजू ने विपक्ष से की अपील

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा है कि सदन ठीक ढंग से चलना चाहिए, लेकिन 'कांग्रेस के नेता और उसके सांसद नहीं सुधर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, 'आज गैर-सरकारी कामकाज होना है। यह सरकार का कामकाज नहीं है, बल्कि सदस्यों का है। अगर कांग्रेस के नेता (राहुल गांधी) नहीं सुधर रहे हैं तो सांसद भी नहीं सुधर रहे हैं।’

'एलपीजी का पर्याप्त भंडार है या नहीं, सरकार बताए'

प्रधानमंत्री के बयान पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। सरकार को बताना चाहिए कि क्या उनके पास एलपीजी का पर्याप्त भंडार है या नहीं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सांसद महुआ माजी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अपने सभी सांसदों को सलाह देनी चाहिए कि वे अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों में जाएं और जनता को भरोसा दिलाएं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

हमारे कई संबंध भी दांव पर लगे हुए हैं-थरूर

पश्चिम एशिया के संघर्ष पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, 'हमें शांति के लिए एक रचनात्मक आवाज बनना चाहिए। इससे हमें बहुत नुकसान हुआ है। यह अन्य देशों, पूरे क्षेत्र, गैस आपूर्ति, ऊर्जा सुरक्षा और खाड़ी देशों में रह रहे 90 लाख भारतीयों की भलाई और सुरक्षा को भी प्रभावित करेगा। हमारे कई संबंध भी दांव पर लगे हुए हैं। इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए दुनिया को मिलकर प्रयास करना चाहिए और इस मामले में हमें एक अग्रणी आवाज बनना चाहिए। हम भी प्रभावित हैं क्योंकि हम बहुत करीब हैं और हमारे बहुत बड़े हित जुड़े हुए हैं।'

लोग कतारों में लगे हैं-डिंपल

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि 'हम सरकार से उसके इंतजामों के बारे में पूछ रहे हैं। हम देख रहे हैं कि एलपीजी खरीदने के लिए लोग कतारों में लगे हैं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article