देश

Bihar: बदलने लगी हवा..., चिराग पासवान आए BJP के साथ, मोकामा-गोपालगंज उपचुनाव में तेजस्वी के खिलाफ फूंका बिगुल

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 05:03 PM IST

चिराग पासवान पहले बीजेपी के साथ ही थे, लेकिन पिता की मौत के बाद जब चाचा पशुपति पारस ने पार्टी को तोड़ दिया और केंद्र में मंत्री बन गए तो चिराग बीजेपी से अलग हो गए। हालांकि वो खुद को पीएम मोदी का हनुमान बताते रहे। कभी तेजस्वी के पास भी गए थे।

Image

चिराग पासवान करेंगे बीजेपी का समर्थन

Photo : Twitter

बिहार में राजनीति एक बार फिर से करवट बदल रही है, नीतीश के राजद के पास जाने के बाद से चिराग बीजेपी के नजदीक आते दिख रहे थे, लेकिन अब तो उन्होंने भाजपा के साथ जाने का खुलेआम ऐलान कर दिया है। चिराग पासवान ने कहा कि उपचुनाव में वो बीजेपी को सपोर्ट करेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति चुनाव में भी वो भाजपा के ही साथ थे।

दिल्ली से पटना पहुंचे पासवान ने हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वह मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे, जहां उसका राजद से कड़ा मुकाबला है। चिराग पासवान ने यह घोषणा अमित शाह से मुलाकात के बाद की है। चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले पर बीजेपी नेताओं से काफी समय से बातचीत चल रही थी।

बता दें कि चिराग और उनकी पार्टी पहले से भी बीजेपी के साथ थी, लेकिन जब पिता रामविलास पासवान की मौत हुई और पार्टी की कमान चिराग के पास आई तो चाचा पशुपति पारस ने विद्रोह करते हुए पार्टी को तोड़ दिया और केंद्र में मंत्री बन बैठे। नाराज चिराग बीजेपी से अलग हो गए। हालांकि उनकी मुख्य नाराजगी नीतीश कुमार से रही। पार्टी में टूट के लिए वो हमेशा नीतीश को ही दोषी ठहराते रहे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो महीने पहले एनडीए से बाहर होने के बाद कमजोर हुई भाजपा के लिए उपचुनावों को ताकत की पहली परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।इन दोनों सीटों पर राजद ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। मोकामा सीट सबसे हॉट सीट बनी हुई है, क्योंकि बाहुबली विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार की पत्नी यहां से चुनावी मैदान में है। अनंत सिंह को एक मामले में सजा हो गई थी, जिसके बाद उनकी सदस्यता चली गई थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article