दिल्ली सरकार के जेल मंत्री और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में जेल में बंद सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) पर बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में बंद सत्येंद्र जैन पर ED सूत्रों के हवाले से ये खुलासा हुआ है। खुलासे के मुताबिक जेल मंत्री जेल में ऐश काट रहे हैं। कोर्ट में दाखिल हलफनामे में ईडी ने कहा है कि तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन को स्पेशल ट्रीटमेंट मिल रहा। ED ने सबूत के तौर पर कोर्ट में CCTV फुटेज जमा कराया है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने!
हलफनामे के मुताबिक जेल के अंदर सत्येंद्र जैन को मालिश की सुविधा मिल रही है। एक शख्स उनके सिर-पीठ और पैर की मालिश करता है। यहां तक कि कोर्ट की परमिशन के बिना सत्येंद्र जैन को घर का खाना मिल रहा है।सत्येंद्र जैन की पत्नी पूनम भी उनके साथ जेल की सेल के अंदर काफी देर तक रुकती हैं। ईडी ने कहा कि तिहाड़ की CCTV फुटेज में सत्येंद्र जैन केस के दूसरे आरोपियों से मिलते दिखे हैं। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक आरोपी अंकुश जैन और वैभव जैन जो तिहाड़ में ही मौजूद हैं।उनसे सतेंद्र जैन अक्सर अपनी सेल में घंटों मीटिंग करते हैं, जो केस की जांच के लिए ठीक नहीं है।
जेल प्रशासन का बयान
तिहाड़ प्रशासन के मुताबिक ईडी ने सतेंद्र जैन के सेल और जिस वार्ड में वो है उसकी फूटेज की मांग की थी। जिसके बाद तिहाड़ प्रशासन ने उन्हें मुहैया कराया। तिहाड़ प्रशासन का कहना है कि सतेंद्र जैन के सेल में कोई बाहर से नही आया। हालांकि जब सुबह गिनती खुलती है उस वक्त वार्ड में मौजूद सभी कैदी एक दूसरे से बात कर सकते है। जिस co-accused की बात कही जा रही है वो भी उसी वार्ड में है जिस वार्ड में सतेंद्र जैन है लिहाज़ा वो आपस मे बात कर सकते है। हां गिनती के बाद जब सभी अपने अपने सेल में चले जाते है तब एक दूसरे के सेल में नही जा सकते। तिहाड़ प्रशासन किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट से इनकार कर रही है।
