देश

Lalu Yadav Birthday:'78 पाउंड' का केक काटकर लालू प्रसाद यादव ने मनाया अपना बर्थडे, मिल रहीं शुभकामनाएं

Lalu Yadav Birthday: लालू यादव 11 जून को 78वां जन्मदिन मना रहे हैं इस मौके पर उन्हें तमाम शुभकामनाएं मिल रही हैं, पटना में राबड़ी देवी के आवास पर 78 पाउंड का केक काटा गया।

Image

लालू यादव 11 जून को 78वां जन्मदिन मना रहे हैं

Lalu Yadav Birthday: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के मुखिया और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव बुधवार को अपना 78वां जन्मदिन मना रहे हैं। पूर्व सीएम के जन्मदिन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने शुभकामनाएं दी हैं।

इस मौके पर पटना में राबड़ी देवी के आवास पर लालू यादव ने 78 पाउंड का केक काटा। इस दौरान लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी मौजूद रहीं। उन्होंने केक का टुकड़ा भी लालू यादव को खिलाया। इससे पहले पाटलिपुत्र की सांसद मीसा भारती ने अपने फेसबुक वॉल पर भी केक काटने की तस्वीर पोस्ट की है। इस तस्वीर में लालू यादव घर के लोगों के साथ केक काटते नजर आ रहे हैं।

बता दें कि RJD ने इस अवसर को 'सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस' के रूप में मनाने का फैसला किया है, जो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से जुड़ा हुआ लग रहा है।

तस्वीर पोस्ट करते हुए मीसा भारती ने अपने पिता लालू यादव को जन्मदिन की बधाई भी दी है। उन्होंने लिखा, "हिम्मत के हिमालय, न्याय के अथाह सागर, जन चेतना के प्रदीप्त लौ, हर वंचित की आवाज़, आदरणीय पापा को उनके 78वें जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आप हैं तो सब कुछ है! आप हैं तो जहां है।"

इस मौके पर राबड़ी आवास में सुबह से ही जश्न शुरू हो चुका है। चुनावी साल में पार्टी इस जन्मदिन को अपने खास अंदाज में मना रही है। कार्यकर्ता भी अलग-अलग अंदाज में पहुंच रहे हैं और अपने नेता को बधाई दे रहे हैं। कोई 78 किलो का लड्डू ला रहा है तो कोई बैंड बाजे के साथ राबड़ी देवी के आवास पहुंचा।

रेल मंत्री के रूप में उन्होंने अलग ही पहचान छोड़ी

गौरतलब है कि लालू यादव का जन्म 1948 में गोपालगंज के फुलवरिया गांव में हुआ था और साल 1977 में लोकसभा सांसद बनने से लेकर 1990-1997 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे वहीं साल 2004 से लेकर 2009 तक रेल मंत्री के रूप में उन्होंने अलग ही पहचान छोड़ी जिसके लिए उन्हें याद किया जाता है।

मिल रही हैं उन्हें बधाइयां

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं।'

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'गरीबों, शोषितों और वंचितों के लिए हमेशा संघर्ष करने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री, राजद सुप्रीमो आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी को जन्मदिन की ढेरों बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। मरांग बुरु आपको सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें, यही कामना करता हूं।'

समाजवादी पार्टी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से आपकी दीर्घायु एवं सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहने की प्रार्थना है।'

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लालू और तेजस्वी के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा, 'राजद के मुखिया लालू प्रसाद यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वे भारतीय राजनीति की अग्रणी शक्ति रहे हैं, जिन्होंने हाशिए पर पड़े लोगों को सत्ता के केंद्र में रखा। मंडल आयोग की सिफारिशों के कार्यान्वयन को मजबूती से आगे बढ़ाकर और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े होकर उन्होंने सामाजिक न्याय पर राष्ट्रीय विमर्श को नया रूप दिया। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।'

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने पिता को अपना आदर्श बताया। एक्स पर रोहिणी ने लिखा, 'हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा, हमारी ताकत, हमारे कवच, हमारे आदर्श, हमारे गौरव, हमारे मार्गदर्शक, हमारे सुपरमैन, हमारे पापा को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं, हैप्पी बर्थडे पापा।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article