Delhi AQI Today: दिल्ली-एनसीआर के लोग पिछले कई दिनों से प्रदूषित हवा और स्मॉग की दोहरी मार झेल रहे हैं। राजधानी में एक्यूआई लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। वहीं स्मॉग के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 238 रहा, यह खराब श्रेणी में आता है। इस दौरान पंजाबी बाग 271 AQI के साथ सबसे प्रदूषित इलाका रहा। वहीं, चांदनी चौक 263 AQI के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में आज सुबह 9 बजे बवाना में AQI 255, विवेक विहार में 245, वजीरपुर में 235, सोनिया विहार में 234 और रोहिणी में 232 दर्ज किया गया। इसके अलावा उत्तम नगर में AQI 223, नरेला में 221, अलीपुर में 219 और अशोक विहार में 206 रहा। ये सभी इलाके खराब वायु गुणवत्ता की श्रेणी में रहे। वहीं, कुछ इलाकों में हवा की स्थिति कुछ बेहतर देखने को मिली। आनंद विहार में AQI 199, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 197, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 183 और वसुंधरा एन्क्लेव में 181 दर्ज किया गया। ये सभी निगरानी केंद्र मध्यम श्रेणी में रहे।
दिल्ली-NCR में BS-VI वाहनों को ही अनुमति देने पर विचार
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कड़ा रुख अपनाया। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान संकेत दिया कि वह दिल्ली-एनसीआर में केवल भारत स्टेज-VI (BS-VI) उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के संचालन को सीमित करने पर विचार कर सकती है। पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा, "हम स्पष्ट हैं कि यदि पूरे एनसीआर में नहीं, तो कम से कम दिल्ली में केवल BS-VI वाहनों को ही अनुमति देंगे।"
सीमाओं पर गोदाम बनाने का सुझाव
सुप्रीम कोर्ट ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव भी दिया। पीठ ने कहा कि दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं, जहां बड़े वाहनों से सामान उतारा जाए। इसके बाद छोटे बैटरी चालित या अन्य गैर-प्रदूषणकारी वाहनों से सामान शहर के भीतर पहुंचाया जा सकता है।
