देश

बेटी को मौत की सजा से बचाने के लिए यमन जाएगी केरल की महिला, अदालत ने दी अनुमति

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Dec 13, 2023, 06:56 AM IST

Kerala woman Death Row: केरल की निमिषा प्रिया को यमन के नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या का दोषी ठहराया गया है, जिसकी जुलाई 2017 में मौत हो गई थी।

Image

निमिषा प्रिया

Kerala woman Death Row: दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को केरल की महिला को अपनी बेटी को मौत की सजा से बचाने के लिए यमन जाने की अनुमति दे दी है। महिला की बेटी एक यमनी नागरिक की हत्या के आरोप में जेल में बंद है और उसे मौत की सजा सुनाई गई है। महिला को पीड़ित परिवार के साथ ब्लड मनी के बारे में बातचीत करने और अपनी बेटी को फांसी से बचाने के लिए यमन की यात्रा करने की अनुमति मिल गई है। मौत की सजा पाने वाली निमिषा प्रिया की मां प्रेमा कुमारी को इसे लिए एक हलफनामा देना होगा।

अदालत ने केंद्र को दिया निर्देश

जस्टिस सुब्रमण्यम प्रसाद ने केंद्र को अपनी 2017 की अधिसूचना में ढील देने का निर्देश दिया, जिसमें याचिकाकर्ता के लिए भारतीय पासपोर्ट धारकों को यमन की यात्रा करने से रोक दिया गया था। इसमें शर्त लगाई गई है कि वह एक हलफनामा दाखिल करे कि वह अपनी बेटी की रिहाई के लिए बातचीत करने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस देश की यात्रा करेगी। भारत सरकार या संबंधित राज्य सरकार के प्रति किसी भी दायित्व के बिना अपने जोखिम और जिम्मेदारी पर वह यात्रा करेगी।

यमन के साथ राजनयिक संबंध नहीं

हाई कोर्ट ने केंद्र की इस दलील पर ध्यान दिया कि भारत के यमन के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं और उसने वहां अपना दूतावास बंद कर दिया है और उस देश में कोई अंतरराष्ट्रीय संधि लागू नहीं है। अदालत निमिषा प्रिया की मां प्रेमा कुमारी की याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी को बचाने के लिए ब्लड मनी का भुगतान करने के बारे में पीड़ित परिवार से बातचीत करने के लिए उनकी और तीन अन्य लोगों की यमन जाने की मांग की थी।

क्या है ब्लड मनी

ब्लड मनी से मतलब आरोपियों या उनके परिजनों द्वारा हत्या के शिकार व्यक्ति के परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे से है। यमन के सुप्रीम कोर्ट ने 13 नवंबर को पश्चिम एशियाई देश में नर्स के रूप में काम करने वाली निमिषा प्रिया की सजा के खिलाफ अपील खारिज कर दी थी। प्रिया को तलाल अब्दो महदी की हत्या का दोषी ठहराया गया है, जिसकी जुलाई 2017 में मौत हो गई थी। निमिषा ने उसके कब्जे से अपना पासपोर्ट वापस पाने के लिए उसे इंजेक्शन दिया था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article