शहर

पंजाब में AAP का बड़ा एक्शन, अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले MLA सुखवीर मैसरखाना को पार्टी से निकाला

AAP Expels Sukhveer Singh: पंजाब में आम आदमी पार्टी ने मौर से अपने विधायक सुखबीर सिंह मैसरखाना को पार्टी विरोधी गतिविधियों और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में निष्कासित कर दिया है। विधायक ने सोशल मीडिया लाइव पर आकर अपनी ही सरकार के शिक्षा मॉडल और शिक्षकों की कमी पर सवाल उठाए थे।

Image

पंजाब में 'आप' का बड़ा एक्शन (फोटो: Instagram/sukhveeraap/ANI)

AAP Expels Sukhveer Singh: पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मचे अंदरूनी घमासान ने अब एक बड़ा रूप ले लिया है। बठिंडा की मौर विधानसभा सीट से 'आप' के विधायक सुखबीर सिंह मैसरखाना (AAP MLA Sukhveer Maiserkhana) को पार्टी विरोधी गतिविधियों, झूठी अफवाहें फैलाने और पार्टी की छवि को नुकसान पहुँचाने के आरोप में निष्कासित कर दिया गया है।

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब विधायक सुखबीर मैसरखाना ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी ही सरकार और नेतृत्व के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने लाइव वीडियो के दौरान भावुक होते हुए आरोप लगाया कि उनके हलके के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है और वे लंबे समय से इस मुद्दे को उठा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे जनहित के मुद्दों पर बोलना बंद नहीं करेंगे और इसके लिए जेल जाने से भी नहीं डरते।

अकाली दल ने पार्टी पर बोला हमला

विधायक के निष्कासन पर पार्टी का कहना है कि उन्होंने जिस स्कूल का जिक्र किया था, वहां पहले से ही 25 अध्यापक कार्यरत हैं। पार्टी का आरोप है कि विधायक ने बेवजह झूठे तथ्य फैलाकर सरकार की छवि को धूमिल करने का काम किया है। इस सियासी ड्रामे के बाद विपक्षी दल अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी पर करारा हमला बोला।

मजीठिया क्या बोले?

मजीठिया ने सोशल मीडिया पर लिखा कि चंडीगढ़ की कोठियों में बैठकर पूरे देश में फर्जी 'शिक्षा क्रांति' का ढिंढोरा पीटने वालों का सच अब उनके अपने ही विधायक के आंसुओं ने सामने ला दिया है। जब सत्ताधारी पार्टी के अपने विधायक को स्कूलों के लिए सोशल मीडिया पर गुहार लगानी पड़ रही हो, तो पंजाब के आम लोगों और बच्चों का हाल आसानी से समझा जा सकता है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article