Kerala Blast: केरल के एर्नाकुलम में रविवार सुबह से सीरियल ब्लास्ट में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। सुबह-सुबह सिलसिलेवार तरीके से हुए 3 बम धमाकों में दो महिलाओं की मौत पहले ही हो चुकी थी। वहीं अब 12 साल की लड़की की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, 12 वर्षीय लबीना बम धमाके में 95 फीसदी जल गई थी। कल रात 12:40 मिनट पर उसने दम तोड़ दिया।
लबीना एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एडमिट थी। अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिसमें कुछ की हालत काफी गंभीर है। इनमें कई 80 से 90 परसेंट बर्न हैं। राज्य सरकार ने बम धमाके में घायल लोगों के लिए इलाज के लिए 12 सदस्यी मेडिकल बोर्ड का गठन किया है।
सीएम ने गठित की 20 सदस्यीय टीम
केरल बम धमाके की जिम्मेदारी डोमिनिक मार्टिन नाम के शख्स ने ली है, उसने पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया है। हालांकि, राज्य सरकार ने इस मामले में एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था के नेतृत्व में 20 सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इसके जांच अधिकारी कोच्चि डीसीपी होंगे। इसके अलावा दिल्ली से एनएसजी की एक स्पेशल टीम भी इस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, जांच टीम इस घटना की दो एंगल से जांच करेगी। पहला ब्लास्ट के आरोप में गिरफ्तार डोमिनिक मार्टिन के बयानों के आधार पर तफ्तीश की जाएगी। दूसरा 2 दिन पहले मल्लपुरम में हमास के पक्ष में निकाली गई रैली का यहोवा समुदाय द्वारा विरोध करना। वहीं, NIA इन धमाकों के पीछे PFI एंगल से भी तफ्तीश कर रही है, क्योंकि संगठन पर बैन लगने के बाद से PFI अपने गढ़ केरल में खुद को दोबारा खड़ा करने की कोशिश कर रहा है।
हमास से जुड़ रहा कनेक्शन
केरल बम धमाके का कनेक्शन आतंकी संगठन हमास से जोड़ा जा रहा है। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने इस ब्लास्ट को केरल में इजराइल के विरोध में हुए प्रदर्शन में हमास नेता के वर्चुअल संबोधन से जोड़ा है। बता दें, धमाके से ठीक दो दिन पहले केरल के मल्लापुरम में फिलिस्तीन के समर्थन में एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में हमास के आतंकी खालिद मशेल वर्चुअली जुड़ा था। कथित तौर पर उसने रैली को संबोधित भी किया था।
सीएम ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
इस बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उधर, केरल के डीजीपी ने धमाके के संबंध में सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें प्रचारित करने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, पुलिस टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है। फर्जी और झूठी खबरें प्रचारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टिफिन बॉक्स में रखा गया था बम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बम एक टिफिन बॉक्स में छिपाकर रखा गया था। पुलिस को मौके से धमाके में इस्तेमाल होने वाला वायर, बैट्री और संदिग्ध सामान भी बरामद हुआ था। बता दें, कन्वेंशन सेंटर में यह धमाका तब हुआ, जब ईसाई समुदाय के लोगों की प्रार्थना चल रही थी। धमाके बाद यहां अफरा-तफरी मच गई थी।
