देश

केदारनाथ मंदिर का गर्भगृह हुआ भव्य, 560 सोने की परतों से दीवारों और छत को किया गया कवर; 230 किलो गोल्ड का प्रयोग

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 27, 2022, 10:13 AM IST

केदारनाथ मंदिर समिति के अनुसार मंदिर के गर्भगृह की दीवारों और छत को ढंकने के लिए 560 सोने की चादरों का इस्तेमाल किया गया है। इन सोनों को महाराष्ट्र के लाखी परिवार ने दान में दिया है। अब मंदिर का गर्भगृह स्वर्णमंडित हो गया है। जो देखने में भव्य लग रहा है।

केदारनाथ मंदिर (Kedarnath Temple) अब और भव्य हो गया है। मंदिर का गर्भगृह अब सोने की परतों से ढक गया है। इसकी दीवारों और छत पर सोने की परत चढ़ा दी गई है। इस काम के लिए 560 सोने की परतों का उपयोग किया गया है।

इस तरह काम को दिया गया अंजाम

श्री बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय के अनुसार केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह के स्वर्ण अलंकरण का कार्य अब खत्म हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि पिछले तीन दिनों से यह काम चल रहा था। इस बीच, आईआईटी रुड़की, सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च रुड़की और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की छह सदस्यीय टीम ने केदारनाथ धाम का दौरा किया और मंदिर के गर्भगृह का निरीक्षण किया।

ऐसे पहुंचा सोना

मंदिर समिति ने बताया कि तीन दिन पहले 18 घोड़े खच्चरों के जरिए सोने को मंदिर तक पहुंचाया गया था। इसमें दो एएसआई अधिकारियों की देखरेख में कम से कम 19 कारीगरों को सोने की परतें लगाने का काम सौंपा गया था। जो अब पूरा हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार सोने की परतों का पूरा खर्च महाराष्ट्र के लाखी परिवार ने उठाया है।

कपाट बंद

बता दें कि गुरुवार से इस साल के लिए केदारनाथ धाम के कपाट को विधि विधानपूर्वक बंद कर दिया गया है। अब अगले साल ही इसका कपाट खुलेगा। इस साल तीर्थयात्रियों के लिए मंदिर मई से खोल दिया गया था। यात्रा के पांच महीनों में, 15,55,543 तीर्थयात्री केदारनाथ धाम का पहुंचे हैं। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित उत्तराखंड में चार धामों के तहत 43 लाख से अधिक लोग इस साल यात्रा कर चुके हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article