Karnataka Bus Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक के 'लग्जरी स्लीपर' बस से टकराने के बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई जिनमें से ज्यादातर लोग बस के अंदर ही जिंदा जल गए, जबकि अन्य 12 घायल हो गए।
बाल-बाल बचा बस ड्राइवर
इस हादसे में बस ड्राइवर और खलासी बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त बस के पीछे एक अन्य बस भी जा रही थी, लेकिन यह दुर्घटना में बाल-बाल बच गई। इस बस में 45 स्कूली बच्चे सवार थे।
ड्राइवर ने बताया आंखों देखा हाल
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बस ड्राइवर ने बताया कि विपरीत दिशा से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक बस से टकरा गया। उन्होंने कहा, ''ट्रक सड़क पर बने डिवाइडर के दूसरी ओर से सामने आया और टकरा गया। ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी। उस समय मैं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बस चला रहा था। मैंने सामने से वाहन को आते देखा। मुझे केवल इतना याद है कि ट्रक बस से टकराया, उसके बाद क्या हुआ और मुझे कैसे बाहर निकाला गया, यह मुझे नहीं पता।''
ड्राइवर ने बताया कि सामने से वाहन को आते देख मैंने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की। मेरी बस बगल से जा रहे एक अन्य वाहन से भी छू गई थी। मुझे नहीं पता वह कौन सा वाहन था, लेकिन मैं नियंत्रण नहीं कर सका।

कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा
ट्रक से टकराते ही बस के बाहर जा गिरा खलासी
बस के खलासी मोहम्मद सादिक को हादसे में मामूली चोट आई है और उनका भी इलाज हो रहा है। सादिक ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बस से बाहर जा गिरे। उन्होंने कहा, ''सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारी। मैं बस के अगले हिस्से में था और हादसे के समय सो रहा था। टक्कर के प्रभाव से बस का शीशा टूट गया और मैं बाहर जा गिरा।''
बस से टकराया डीजल टैंकर?
पूर्व जोन के पुलिस महानिरीक्षक रविकांत गौड़ा ने बताया कि हमारी प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि जिस वाहन ने बस को टक्कर मारी वह डीजल टैंकर हो सकता है। कई यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों को ले जा रही बस के ड्राइवर ने पीछे से दुर्घटना प्रभावित बस को टक्कर मार दी, फिर दूसरी ओर मुड़कर बस को सड़क से उतार दिया। राहत की बात यह रही कि इस बस में सवार कोई भी हताहत नहीं हुआ।
