देश

कर्नाटक में शिवकुमार ने करवाया खेला! क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस की हो गई बल्ले-बल्ले; 7 में से 5 सीटों पर दर्ज की जीत

Karnataka MLC Poll Result: डीके शिवकुमार के सत्ता संभालने के बाद पहली चुनावी लड़ाई में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सात सीटों में से पांच पर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी भाजपा के खाते में महज दो सीटें ही आ सकीं।

Image

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (फोटो साभार: @DKShivakumar)

Photo : Twitter

Karnataka MLC Poll Result: झारखंड में राज्यसभा चुनाव में भले की कांग्रेस के साथ खेला हो गया हो, लेकिन कर्नाटक विधान परिषद के चुनाव में ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने ही खेला करवा दिया। विधान परिषद (MLC) की सात सीटों के लिए गुरुवार को हुए मतदान के नतीजे सामने आ गए। डीके शिवकुमार के सत्ता संभालने के बाद पहली चुनावी लड़ाई में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सात सीटों में से पांच पर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी भाजपा के खाते में महज दो सीटें ही आ सकीं।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) दोनों ही दलों के विधायकों की ओर से 'क्रॉस-वोटिंग' की गई, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवारों को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले। कर्नाटक विधानसभा के सदस्यों ने विधान सौध में हुए चुनाव में मतदान किया। सात सीटों के चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में थे। ऐसे में सभी 222 विधायकों ने अपने वोट डाले।

अधिकारियों ने बताया कि चुनाव जीतने के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को कम से कम 28 मतों की जरूरत है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर, कांग्रेस और भाजपा के क्रमशः चार और दो सीटें आसानी से जीतने की संभावना थी, लेकिन कांग्रेस ने पांच सीटों पर कब्जा कर लिया।

किस-किस ने लड़ा चुनाव?

चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पी.वी. मोहन, बी.के. हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, और विनय कार्तिक प्रकाश तथा भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।

विधान परिषद का चुनाव हारे गोविंदराजू

कांग्रेस के पांचों उम्मीदवारों और भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि जद(एस) के गोविंदराजू को हार का सामना करना पड़ा। यह चुनाव कराने की इसलिए जरूरत पड़ी, क्योंकि विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बी. के. हरिप्रसाद, भाजपा के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर तथा जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article