Karnataka woman sexually assaulted: कर्नाटक के कोदागु जिले के एक होमस्टे में अमेरिकी महिला का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना एक सप्ताह पहले कोदागु के कुट्टा गांव स्थित एक होमस्टे में हुई थी। पुलिस ने बताया कि झारखंड के मूल निवासी एक कर्मचारी को इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है। वह होमस्टे के आतिथ्य विभाग में काम करता था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि होमस्टे के मालिक को भी इस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया है क्योंकि महिला द्वारा कथित यौन उत्पीड़न की शिकायत किए जाने पर उसने पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी थी।
अमेरिकी महिला बोली- नशा कराया, WiFi बंद किया
पुलिस के अनुसार, महिला ने आरोप लगाया कि उसके पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया गया। बाद में, जब उसने इस घटना के बारे में होमस्टे के मालिक को बताया तो उसने कथित तौर पर मामले को दबाने की कोशिश की और तीन दिनों के लिए वाई-फाई सेवा बंद कर दी, ताकि वह उस दौरान किसी से संपर्क नहीं कर सके।
अमेरिकी दूतावास में शिकायत
बाद में उसने कथित तौर पर मैसूरु जाने का बहाना बनाकर परिसर छोड़ा और अमेरिकी दूतावास और पुलिस से संपर्क किया। अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। इस घटना के संबंध में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तुमकुरु में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के आरोप में छह गिरफ्तार
तुमकुरु जिले में छह लोगों को कथित तौर पर नशीली दवाएं रखने और मजदूरों तथा महाविद्यालय के छात्रों को अवैध रूप से ये दवाएं बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान बेंगलुरु के बन्नेरघट्टा निवासी 35 वर्षीय नसीर बाशा, 32 वर्षीय नावीद, 32 वर्षीय उमर बाशा तथा तुमकुरु के मरालूरु टीले के निवासी 30 वर्षीय शबाज मोहम्मद, 32 वर्षीय मोहम्मद घौस और 28 वर्षीय मोहम्मद इकबाल के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार, टेपेन्टाडोल सहित सभी दवाएं जब्त कर ली गई हैं। तुमकुरु पुलिस अधीक्षक आशोक के. वी. के मुताबिक, तिलक पार्क पुलिस थाने के एक दल ने विशिष्ट सूचना के आधार पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जिसमें कथित सरगना नसीर भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान लगभग 100 गोलियां जब्त की गईं।
