देश

कर्नाटक में CM को लेकर टीचर का ट्वीटः सिद्दारमैया के समय था 2,42,000 करोड़ का कर्ज, हुए सस्पेंड

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated May 22, 2023, 12:26 PM IST

Karnataka Latest News in Hindi: चित्रदुर्ग में पब्लिक इंस्ट्रक्शन के डिप्टी डायरेक्टर के रविशंकर रेड्डी ने आगे बताया गया कि कर्नाटक सिविल सर्विसेज (कंडक्ट) रूल्स - 1966 का शिक्षक की ओर से उल्लंघन किया गया है। आगे इस मसले पर लिए जाने वाले कदम से पहले विभागीय जांच भी कराई जाएगी।

Image

कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया। (फाइल)

Photo : IANS

कांग्रेस शासित कर्नाटक में सरकारी स्कूल के एक टीचर को सिर्फ इसलिए सस्पेंड कर दिया गया, क्योंकि उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया की राजकोषीय नीति की आलोचना की थी। चित्रदुर्ग जिला में होसादुर्ग तालुक के कानुबेनहल्ली में सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल के टीचर शांतामूर्ति एमजी ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने सूबे के कुछ पूर्व सीएम का नाम लिखते हुए बताया था कि किसके कार्यकाल में कितना खर्च हुआ। दावा किया गया कि सिद्दारमैया के समयकाल में 2,42,000 करोड़ रुपए का कर्ज था।

उनके पोस्ट में लिखा गया था, "पूर्व सीएम एसएम कृष्का के कार्यकाल में 3,590 करोड़, धर्म सिंह के समय 15,635 करोड़, एचडी कुमार स्वामी के वक्त 3,545 करोड़, बीएस येदियुरप्पा के समयकाल में 26,653 करोड़, डीवी सदानंद गौड़ के टाइम पर 9,464, जगदीश शेट्टर के समय पर 13,464 करोड़ और सिद्दारमैया के समय 2,42,000 करोड़ रुपए का कर्ज था।"

एफबी पोस्ट में आगे यह भी कहा गया कि कृष्णा और शेट्टर के समय से लिए गए लोग सिद्दरमैया के शासनकाल तक 2,42,000 करोड़ तक पहुंच गए थे। ऐसे में मुफ्त की रेवड़ियां (फ्रीबीज़) बांटना आसान है। बाद में जब मामला गर्माया तब चित्रदुर्ग में पब्लिक इंस्ट्रक्शन के डिप्टी डायरेक्टर के रविशंकर रेड्डी ने हमारे सहयोगी अंग्रेजी अखबार टीओआई को बताया- फेसबुक पोस्ट के आधार पर मैंने स्थानीय ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर एल जयप्पा को निर्देश दिया है कि वह टीचर को सस्पेंड कर दें।

आगे बताया गया कि कर्नाटक सिविल सर्विसेज (कंडक्ट) रूल्स - 1966 का शिक्षक की ओर से उल्लंघन किया गया है। आगे इस मसले पर लिए जाने वाले कदम से पहले विभागीय जांच भी कराई जाएगी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article