देश

बीच हवा में बाल-बाल बची अमेरिकी यात्री की जान, कांग्रेस नेत्री ने दिया CPR; CM सिद्दारमैया ने कही यह बात

पेशे से चिकित्सक कर्नाटक की पूर्व विधायक अंजलि निंबालकर ने गोवा-नयी दिल्ली उड़ान के दौरान एक अमेरिकी महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी जान बचाई। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, निंबालकर ने एक सहयात्री को बेचैनी और कंपकंपी की शिकायत होने के बाद ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन’ (CPR) देकर उसकी जान बचाई।

Image

कर्नाटक की पूर्व विधायक ने बचाई अमेरिकी सह-यात्री की जान

Photo : Twitter

पेशे से चिकित्सक कर्नाटक की पूर्व विधायक अंजलि निंबालकर ने गोवा-नयी दिल्ली उड़ान के दौरान एक अमेरिकी महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसकी जान बचाई। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई, जब कांग्रेस की गोवा, दमन और दीव तथा दादरा नगर हवेली इकाई की सह-प्रभारी एवं सचिव निंबालकर रविवार को रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित 'वोट चोरी' रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रही थीं।

कांग्रेस नेत्री ने अमेरिकी सह-यात्री को दिया CPR

उन्होंने बताया कि निंबालकर ने एक सहयात्री को बेचैनी और कंपकंपी की शिकायत होने के बाद ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन’ (CPR) देकर उसकी जान बचाई। अमेरिकी महिला यात्री विमान में बेहोश हो गई थी और उसकी नब्ज रुक गई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, निंबालकर पूरी उड़ान के दौरान मरीज के पास ही रहीं, उसकी चिकित्सा संबंधी जरूरतों पर लगातार ध्यान देती रहीं और उसे दिलासा देती रहीं।

सूत्रों के अनुसार दिल्ली में उतरने के तुरंत बाद, अस्वस्थ विदेशी यात्री को एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि निंबालकर द्वारा समय पर की गयी कार्रवाई की यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने सराहना की।

CM सिद्दारमैया ने कही यह बात

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने निंबालकर की प्रशंसा करते हुए 'एक्स' पर लिखा, ‘‘गोवा-नयी दिल्ली की उड़ान के दौरान खानपुर की पूर्व विधायक डॉ. अंजलि निंबालकर द्वारा दिखाई गई उल्लेखनीय सूझबूझ और करुणा के बारे में सुनकर मैं अत्यंत भावुक और बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। जब हवाई यात्रा के दौरान एक अमेरिकी महिला को चिकित्सकीय आपात स्थिति का सामना करना पड़ा, तो डॉ. अंजलि ने तुरंत स्थिति को संभाला और समय पर सीपीआर देकर एक अनमोल जान बचाई।’’ मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए निंबालकर ने कहा कि उन्होंने एक चिकित्सक के रूप में अपना कर्तव्य निभाया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article