देश

कांग्रेस की रामलीला मैदान में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' रैली आज; खरगे-राहुल सहित इन नेताओं का लगेगा जमावड़ा

Congress Vote Theft Rally: कांग्रेस रविवार को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके 'वोट चोरी' के मुद्दे पर अपना अभियान तेज करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सभा को संबोधित करने की संभावना है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लगभग 55 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Congress Vote Theft Rally: कांग्रेस रविवार को रामलीला मैदान में रैली आयोजित करके 'वोट चोरी' के मुद्दे पर अपना अभियान तेज करेगी तथा सरकार और निर्वाचन आयोग को चुनाव में कथित तौर पर धांधली करने के लिए 'मिलीभगत' को लेकर कठघरे में खड़ा करने की कोशिश करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के सभा को संबोधित करने की संभावना है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट समेत शीर्ष नेता रैली में भाग लेंगे।

क्या सोनिया गांधी भी होंगी शामिल?

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में मौजूद रहने की संभावना है। वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में इकट्ठा होंगे और फिर बस से रामलीला मैदान के लिए रवाना होंगे। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा है कि पार्टी ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ लगभग 55 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राहुल जी ने सबूतों के साथ दिखाया कि वोट चोरी कैसे हो रही है... उन्होंने गृह मंत्री को प्रेसवार्ता में उनसे बहस करने की चुनौती दी। लेकिन गृह मंत्री ने इसका भी जवाब नहीं दिया।’’

'वोट चोरी के मुद्दे पर चर्चा कर रही जनता'

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को उजागर करने के लिए 14 दिसंबर को ‘विशाल रैली’ कर रही है। वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘लोग इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं और हमने इसे गति देने का फैसला किया है। इस रैली के बाद, हमने राष्ट्रपति से मुलाकात का अनुरोध भी किया है, ताकि उन्हें 5.5 करोड़ हस्ताक्षरों वाला यह ज्ञापन सौंपा जा सके।’’ यह रैली लोकसभा में चुनाव सुधारों पर हुई तीखी बहस के कुछ दिनों बाद हो रही है। लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और अन्य कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर तीखी बहस हुई।

जम्मू से हजार कांग्रेसी रैली में हो रहे शामिल

इस रैली में कांग्रेस के 1,027 नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक दल शनिवार को जम्मू से रवाना हुआ। कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (JKPCC) के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने नरवाल बाईपास पर पार्टी कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article