Karnataka Bus Accident: कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। बेंगलुरु से शिमोगा होते हुए गोकर्ण जा रही एक प्राइवेट बस का भीषण एक्सीडेंट हो गया। हिरियूर तालुक के गोरलाथू के पास यह एक्सीडेंट हुआ, जिसके बाद बस में खतरनाक आग लग गई। यह हादसा एक लॉरी (कंटेनर) और बस की टक्कर से हुआ। हादस में लॉरी ड्राइवर समेत 13 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
HT की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने गुरुवार को बताया कि चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक में गोरलाथू क्रॉस पर नेशनल हाईवे 48 पर एक सड़क हादसे में कम से कम 17 लोगों के मारे जाने की आशंका है। यह हादसा एक प्राइवेट स्लीपर कोच बस और लॉरी की टक्कर के बाद बस में आग लगने से हुआ।
पीएम ने की दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को सड़क हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा, 'कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में दुर्घटना में लोगों की मौत से गहरा दुःख हुआ है। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'
पोस्ट में कहा गया है, 'प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।'
कैसे हुआ ये हादसा?
बताया गया कि यह हादसा तब हुआ जब हिरियूर से बेंगलुरु जा रहा एक लॉरी सेंट्रल डिवाइडर पार करके सामने से आ रही एक बस से टकरा गया, जो बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। टक्कर इतनी जोदार थी कि हाईवे के बीच में ही स्लीपर कोच में आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए।
पुलिस ने कहा कि हताहतों का आधिकारिक आंकड़ा ऑडिट के बाद मिलेगा। जो लोग बस से निकलने में कामयाब रहे, उनमें से कई गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।
'लॉरी ड्राइवर की लापरवाही...'
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में लॉरी ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी और उसके बाद आग लगने से बस पूरी तरह जल गई, जिससे घटनास्थल पर बचाव कार्य मुश्किल हो गया। साथ ही ट्रैफिक बाधित हुआ।
चित्रदुर्ग के पुलिस अधीक्षक रंजीत ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच पर ध्यान दे रहे हैं। हिरियूर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। बता दें कि नेशनल हाईवे 48 के व्यस्त हिस्से पर कई घंटों तक ट्रैफिक बाधित रहा। दरअसल, इमरजेंसी टीमों ने मलबा हटाया और बचाव और रिकवरी ऑपरेशन चलाए, इसके बाद जाकर कुछ राहत मिली।
