देश

Kangana Ranaut: हिमाचल के बारिश प्रभावित क्षेत्र में कंगना रनौत को करना पड़ा विरोध का सामना

कंगना के साथ पहुंचे भाजपा नेताओं और अन्य लोगों ने जब लोगों को शांत करने की कोशिश की तो तीखी बहस भी हुई और शांति बहाल करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

Image

बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना (फोटो:X)

बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत बृहस्पतिवार को जब हिमाचल प्रदेश के मनाली में बारिश प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचीं तो उन्हें 'कंगना वापस जाओ, तुमने देर कर दी' जैसे नारों का सामना करना पड़ा।कुल्लू ज़िले में मनाली के पतलीकुहल क्षेत्र में रनौत के दौरे के खिलाफ स्थानीय लोगों द्वारा नाराजगी जताए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में स्थानीय लोग अभिनेत्री एवं राजनीतिक नेता के काफिले के पास काले झंडे लिए नारे लगाते नजर आते हैं।

कुल्लू तथा मनाली में 25 और 26 अगस्त को कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और अचानक बाढ़ आ गई तथा ब्यास नदी की तेज धारा में एक बहुमंजिला होटल और चार दुकानें बह गईं।ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग और मनाली-लेह राजमार्ग के कई हिस्से बह गए। कुल्लू शहर, बस स्टैंड और बिंदु ढांक को जोड़ने वाले मनाली के राइट बैंक रोड को भी भारी नुकसान पहुँचा है।

कुल्लू के रामशेल क्षेत्र में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, मनाली के पास 14 मील क्षेत्र में घरों में पानी घुस गया तथा पतलीकुहल में नदी-नालों के उफान पर होने से एक मछली फार्म क्षतिग्रस्त हो गया।इससे पहले दिन में कंगना ने मनाली उपमंडल के सोलंग और पलछन के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया।

भाजपा नेता और मनाली से पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर तथा स्थानीय निवासियों ने उन्हें बुनियादी ढाँचे और अन्य नुकसान के बारे में जानकारी दी। सिंह ने बताया कि खतरे में पड़े 15-16 घरों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचा दिया गया है।उन्होंने सांसद को बताया कि पूरा सोलंग गाँव भूस्खलन की चपेट में आने के कगार पर है क्योंकि ब्यास नदी उस पहाड़ को काट रही है जिस पर यह गाँव बसा है। उन्होंने कहा कि नदी की धारा को मोड़ना ही इसका उपाय है।

रनौत ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि भारी बारिश के कारण आपदाओं की आवृत्ति कई गुना बढ़ गई है, ब्यास नदी आक्रामक हो गई है एवं वनों की कटाई, भारी निर्माण तथा उचित जल निकासी के अभाव ने समस्या को और बढ़ा दिया है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों को राज्य को बचाने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाना होगा, जैसा कि उच्चतम न्यायालय ने भी कहा है।

रनौत ने दावा किया कि हिमाचल को केंद्र से 10,000 करोड़ रुपये मिले हैं और फिलहाल उनका ध्यान प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने पर है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का शासन है और बताया जाए कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी वाद्रा कहां हैं। राहुल गांधी के 'वोट चोर' अभियान का ज़िक्र करते हुए कंगना ने कहा कि वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं और संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'अगर आपके पास सबूत हैं, तो अदालत जाइए।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article