देश

अतीक अहमद से ज्यादा खतरनाक हैं के चंद्रशेखर राव, तेलंगाना BJP अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Apr 26, 2023, 09:30 PM IST

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये अतीक अहमद से ज्यादा खतरनाक हैं। मुख्यमंत्री केसीआर सभी गैंगस्टरों के गैंगस्टर हैं।

Image

तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने केसीआर पर लगाए गंभीर आरोप

Photo : BCCL

तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद से ज्यादा खतरनाक हैं। अतीक अहमद का हाल ही में प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रश्नपत्र लीक को लेकर तेलंगाना सरकार पर निशाना साधते हुए संजय ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर बेरोजगार युवाओं का करियर खतरे में डालने का आरोप लगाया।

अतीक की तरह पुलिस की मदद से जनता को लूटा

संजय ने महबूबनगर में निरुदयोग मार्च (बेरोजगारों की रैली) में कहा कि केसीआर अतीक अहमद से ज्यादा खतरनाक है। वह गैंगस्टरों का नेता है। लेकिन इसमें डरने की कोई बात नहीं है। हम अपने लक्ष्य को प्राप्त करने तक उसके साथ लड़ते रहेंगे। संजय ने आरोप लगाया कि जहां अतीक अहमद ने बंदूक की नोक पर लोगों को लूटा था, वहीं केसीआर पुलिस की मदद से लोगों और उनकी जमीनों को लूट रहे थे।

संजय कुमार ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि मुख्यमंत्री केसीआर सभी गैंगस्टरों के गैंगस्टर हैं। उन्होंने कहा कि जहां अतीक अहमद ने लोगों को बंदूक दिखाकर धमकाया, वहीं केसीआर पुलिस का इस्तेमाल धमकाने के लिए कर रहा है और 'Dharani' का इस्तेमाल आम आदमी को परेशान करने के लिए कर रहा है। 'Dharani' भूमि लेनदेन के लिए केसीआर सरकार द्वारा शुरू किया गया एक पोर्टल है।

के टी रामाराव की बर्खास्ती तक चैन से नहीं बैठेंगे

बीजेपी नेता ने कहा कि हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक केसीआर अपने बेटे के टी रामाराव को कैबिनेट से बर्खास्त नहीं कर देते। साथ ही उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के किसी मौजूदा जज द्वारा न्यायिक जांच का आदेश देते और बेरोजगार युवाओं को प्रश्न पत्रों के लीक होने के कारण हुई परेशनी के लिए 1 लाख रुपये का मुआवजा नहीं दे देते हैं, हम शांत नहीं बैठने वाले हैं।

केसीआर सरकार के पतन की गिनती शुरू

संजय ने कहा कि केसीआर सरकार के पतन की उलटी गिनती शुरू हो गई है, उन्होंने दावा किया कि बीजेपी अगले राज्य के चुनावों में महबूबनगर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार उन्हें केवल इसलिए प्रश्नपत्र लीक मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह बेरोजगारों के लिए लड़ रहे हैं।

जेल जाने से डरता नहीं

बंदी संजय ने कहा कि जेल जाना मेरे लिए कोई नई बात नहीं है। मैं नौ बार जेल जा चुका था। बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा और तेलंगाना के सामने हर मुद्दे पर जेल जाना पड़ा।

TSPSC प्रश्नपत्र लीक को लेकर केसीआर सरकार को घेरा

तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग (TSPSC) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने को लेकर बीजेपी केसीआर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।

क्लास 10 प्रश्नपत्र लीक मामले में हुए थे गिरफ्तार

दूसरी ओर, संजय को वारंगल पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में क्लास 10 के प्रश्नपत्र के लीक होने के मास्टरमाइंड के रूप में नामित किए जाने के बाद गिरफ्तार किया था।

संजय कुमार, जो सांसद भी हैं। उन्होंने कहा कि मियापुर भूमि घोटाले, इंटरमीडिएट के छात्रों की आत्महत्या और ड्रग्स मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने कभी भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article