Jharkhand Student Protest: झारखंड सरकार राज्य में कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ रविवार को छठे दौर की बातचीत करेगी, जिसके बाद ही कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों के साथ संवाद के लिए गठित पैनल के एक सदस्य ने यह जानकारी दी।
4 घंटे लंबी चली बैठक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ चार घंटे तक बैठक करने के बाद पैनल के सदस्य ने बताया कि बातचीत दोपहर करीब 12 बजे होगी। पैनल ने मुख्यमंत्री को प्रदर्शनकारियों के साथ हुई पिछली पांच दौर की बातचीत में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी।
पैनल की सदस्य और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "हमने मुख्यमंत्री को आज और एक दिन पहले छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई विभिन्न दौर की बैठकों में सामने आए छात्रों के विचारों और मांगों से अवगत कराया।"
रविवार को होगी अंतिम दौर की वार्ता
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री के साथ बैठक में यह फैसला लिया गया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अंतिम दौर की बातचीत रविवार को दोपहर 12 बजे होगी।"
पैनल के एक अन्य सदस्य और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में व्यापक सुधार की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों के साथ आगे बातचीत करने का फैसला लिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'भारत के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत', छात्रों की गूंज कार्यक्रम में गरजे राहुल गांधी; बोले- रोजगार के सभी दरवाजे हैं बंद
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग कथित अनियमितताओं की सीबीआई या फिर किसी दूसरे राज्य के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की एक समिति से स्वतंत्र जांच कराना शामिल है। झारखंड सरकार ने शुक्रवार रात से विभिन्न प्रदर्शनकारी संगठनों के साथ चार दौर की बातचीत की है, लेकिन गतिरोध खत्म नहीं हो सका। प्रदर्शन कर रहे नौकरी अभ्यर्थियों ने फैसला किया है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
