India Japan Ties: जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची भारत की तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचीं। अपनी यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए वार्ता करेंगी।
PM तकाइची का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची का स्वागत है। प्रधानमंत्री तकाइची की अगवानी केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने की।'' उन्होंने कहा, "यह यात्रा भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।'' उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में उनके आगमन की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।
PM मोदी से मिलेंगी तकाइची
इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने कहा था कि यह तकाइची की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। मंत्रालय ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर एक से तीन जुलाई तक 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आएंगी। मंत्रालय द्वारा 30 जून को जारी एक बयान के अनुसार, तकाइची गुरुवार को हैदराबाद हाउस में मोदी से मुलाकात करेंगी।
ताकाइची की तीन दिवसीय भारत यात्रा
ताकाइची तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। इस दौरान वह पीएम मोदी के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगी। दोनों नेता 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमोबाइल, सप्लाई चेन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'ईरान पर तीन रातों तक किए भीषण हमले', डोनाल्ड ट्रंप बोले- अब रिश्ते बेहतर, बहुत अच्छी बैठकें हुईं
भारत रवाना होने से पहले ताकाइची ने कहा था कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में भारत के साथ सहयोग का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा था कि दोनों देश साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और रणनीतिक हितों के आधार पर मजबूत साझेदारी को आगे बढ़ा रहे हैं।
