देश

IB के पास भारतीय क्षेत्र में आया पाकिस्तानी ड्रोन, BSF ने चलाया सर्च ऑपरेशन; UAV सहित इन उड़ानों पर लगाया बैन

Pakistan Drone Movement: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शनिवार को यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक ड्रोन के पाकिस्तान की तरफ से आते दिखाई देने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। ​​इस बीच, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों के मद्देनजर शनिवार को ड्रोन, मानव रहित विमान (UAV) या अन्य हवाई उपकरणों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया।

Image

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया (प्रतीकात्मक तस्वीर साभार: iStock )

Photo : iStock

Pakistan Drone Movement: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शनिवार को यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक ड्रोन के पाकिस्तान की तरफ से आते दिखाई देने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन को शाम करीब सात बजे आरएस पुरा सेक्टर के जाजोवाल गांव के पास सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में उड़ते देखा गया। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने चकरोई और जुगनूचक सीमा चौकियों के अंतर्गत आने वाले इलाके में तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम समाचार मिलने तक तलाशी अभियान जारी था।

ड्रोन की उड़ान पर लगाया प्रतिबंध

इस बीच, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों के मद्देनजर शनिवार को ड्रोन, मानव रहित विमान (UAV) या अन्य हवाई उपकरणों की उड़ान पर प्रतिबंध लगा दिया। इससे पहले 16 सितंबर को बीएसएफ के जवानों ने संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद बुधवार सीमा चौकी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान बाड़ के आगे एक एके राइफल और एक मैगजीन बरामद की थी।

उधमपुर में भी चल रहा तलाशी अभियान

वहीं, ऊधमपुर जिले के ऊंचाई वाले एक क्षेत्र में छिपे हुए आतंकवादियों को ठिकाने लगाने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा शनिवार को तलाशी अभियान का दायरा बढ़ाए जाने के बीच गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हुए एक सैनिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर शाम उधमपुर के डूडू-बसंतगढ़ क्षेत्र और डोडा के भद्रवाह के बीच सेओज धार वन के कांजी में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) के संयुक्त तलाशी दल पर आतंकवादियों ने गोलीबारी कर दी जिसमें एक सैनिक घायल हो गया था।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल के आसपास के क्षेत्र को रात के दौरान कड़ी घेराबंदी में रखा गया था और शनिवार सुबह तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया तथा आतंकवादियों का पता लगाने के लिए दिन के दौरान नये क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि डोडा और उधमपुर, दोनों जगहों से अतिरिक्त बल बुलाए गए तथा तलाशी अभियान में तेजी लाने के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!