Jammu Kashmir Blast: जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को दुर्घटनावश एक ग्रेनेड के फटने से दो जवानों की मौत हो गई।अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उरी के कमलकोट स्थित एक शिविर में उपकरणों के नियमित हस्तांतरण के दौरान एक हैंड ग्रेनेड गलती से फट गया, जिससे दो जवान घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को सेना के 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब जहां कानून के अनुसार आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
LoC के पास हुआ धमाका
बताया गया कि उरी के कमलकोट में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास हुए ये अचानक धमाका हुआ था, जिसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए। शहीद जवानों की पहचान महाराष्ट्र के ऐरोली के रहने वाले चव्हाण विक्रम बालकृष्ण और महाराष्ट्र के सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर के रहने वाले अर्जुन जाधव राजेंद्र के तौर पर हुई है।
जम्मू में जंग लगा मोर्टार का गोला मिला; निष्क्रिय किया गया
वहीं, जम्मू के एक सीमावर्ती गांव में बुधवार को जंग लगा मोर्टार का गोला मिला, जिसे बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के बाहरी क्षेत्र में स्थित बिश्नाह के कोठे सनियां गांव में एक मकान की नींव भरने के लिए मिट्टी डाल रहे मजदूरों की नजर इस गोले पर पड़ी।
उन्होंने बताया कि विस्फोटक सामग्री होने की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और खुले मैदान में नियंत्रित विस्फोट करके गोले को निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी संपत्ति को क्षति हुई।
अन्य खबरों में मादक पदार्थ तस्करी और अवैध गतिविधियों से जुड़ी संपत्तियों के खिलाफ जारी अभियान के तहत अधिकारियों ने बुधवार को जम्मू में मादक पदार्थ तस्करों के छह करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के तीन आवासीय मकान ध्वस्त कर दिए। जम्मू के बाहरी इलाके बिश्नाह क्षेत्र के चक वजीरू में गुलजार अहमद, फरमान अली और बशीर की पत्नी फरीदा बीबी के मकान वरिष्ठ नागरिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ढहाए गए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रही।
अधिकारियों ने बताया कि ये सभी आरोपी मादक पदार्थ तस्करी समेत कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं। इससे पहले पुलिस ने लाउ गुज्जर के बिल्ली चराना स्थित मकान को भी ध्वस्त किया जिसे इस साल की शुरुआत में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया गया था।
