जम्मू कश्मीर में भारतीय क्रिकेट टीम की हार पर जश्न मनाने और आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में 7 छात्रओं को गिरफ्तार किया गया है। इन छात्रों को यूएपीए के तहत केस दर्ज किया गया है।
शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्र
आपत्तिजनक नारे लगाने और विश्व कप फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की हार का जश्न मनाने के आरोप में कश्मीरमें एक कृषि विश्वविद्यालय के सात छात्रों को गैरकानूनी गतिविधियां निवारण अधिनियम (यूएपीए) के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेयूएसटी)-कश्मीर के छात्र हैं।
एक छात्र ने की थी शिकायत
पुलिस ने एक छात्र की शिकायत की जांच शुरू करने के बाद छात्रों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके कॉलेज के साथियों ने उसे परेशान किया था और फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार के बाद आपत्तिजनक नारे लगाए थे। पंजाब के एक छात्र ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विश्व कप में भारत की हार के बाद कश्मीरी छात्रों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और धमकी दी और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए।
कई धाराओं में मामला दर्ज
सभी सात छात्रों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की धारा 505, 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गांदरबल जिले के एक स्थानीय पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार करके रखा गया है।
