देश

2 दिन की यात्रा पर रूस जाएंगे जयशंकर, लावरोव से होगी मुलाकात, अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की करेंगे सह-अध्यक्षता

विदेश मंत्री जयशंकर, रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ मिलकर व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। वह क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर।

Photo : PTI

S Jaishankar: विदेश मंत्री एस जयशंकर द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों समेत विभिन्न मुद्दों पर रूसी नेताओं के साथ वार्ता के लिए रविवार को दो दिनों के लिए मॉस्को की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्री जयशंकर, रूस के प्रथम उप-प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के साथ मिलकर व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, विदेश मंत्री रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मिलेंगे तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

मंतुरोव के निमंत्रण पर जा रहे रूस

रिलीज के अनुसार, विदेश मंत्री (EAM) रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंतुरोव के निमंत्रण पर रूस का दौरा करेंगे। रिलीज में कहा गया, 'विदेश मंत्री एस. जयशंकर 23-24 अगस्त 2026 को भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग (IRIGC-TEC) के व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग से जुड़े 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करने के लिए रूस की आधिकारिक यात्रा करेंगे।' इसमें आगे कहा गया कि जयशंकर और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच बातचीत में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।

लावरोव से भी मुलाकात करेंगे

रिलीज में कहा गया, 'यात्रा के दौरान विदेश मंत्री रूसी संघ के विदेश मंत्री महामहिम श्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।' भारत और रूस के बीच लंबे समय से चली आ रही और समय की कसौटी पर खरी उतरी साझेदारी है। विदेश मंत्रालय की एक पूर्व विज्ञप्ति में कहा गया था कि अक्टूबर 2000 में 'भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी की घोषणा' पर हस्ताक्षर होने के बाद दोनों देशों के संबंधों ने एक गुणात्मक रूप से नया स्वरूप हासिल किया है। इसके तहत राजनीतिक, सुरक्षा, रक्षा, व्यापार एवं अर्थव्यवस्था, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संस्कृति तथा लोगों के बीच संपर्क सहित लगभग सभी क्षेत्रों में सहयोग का स्तर बढ़ा है।

रणनीतिक साझेदारी के तहत राजनीतिक और आधिकारिक दोनों स्तरों पर कई संस्थागत संवाद तंत्र काम करते हैं, ताकि नियमित बातचीत और सहयोग से जुड़ी गतिविधियों की निरंतर समीक्षा एवं आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article