इजराइल ने गाजा में नए अभियान की घोषणा की है। इजराइली सेना ने रविवार को गाजा पट्टी में ‘‘व्यापक’’ स्तर पर नया जमीनी सैन्य अभियान शुरू करने का ऐलान किया। गाजा में बीती रात और रविवार को हुए इजराइल के हवाई हमलों में कम से कम 103 लोगों की मौत हो गई।
क्यों शुरू किया नया अभियान
इजराइल द्वारा 20 लाख से अधिक लोगों की आबादी वाले फलस्तीनी क्षेत्र में हमले की शुरुआत करने के एक दिन बाद यह बयान आया है। यह हमास पर अपनी शर्तों पर नये युद्धविराम समझौते पर सहमति के लिए दबाव बनाने का इजराइल का नवीनतम प्रयास है।
670 से ज्यादा हमले
इजराइली सेना ने बयान में कहा है कि सेना ने पिछले सप्ताह दर्जनों लड़ाकों को मार गिराया और 670 से अधिक लक्ष्यों को निशाना बनाया। गाजा में स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि इन नये हमलों में सैकड़ों लोग मारे गए हैं।
हमास के खत्म होने तक जारी रहेगा अभियान
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस सप्ताह की शुरुआत में हमास पर दबाव बढ़ाने का संकल्प जताया था, जिसका उद्देश्य लगभग दो दशकों से गाजा पर शासन करने वाले चरमपंथी समूह को नष्ट करना है। इजराइल की सेना ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह गाजा में हमास पर हमले तेज कर रही है और "जबरदस्त दबाव" डाल रही है और जब तक बंधकों को वापस नहीं कर दिया जाता और चरमपंथी समूह को खत्म नहीं कर दिया जाता, तब तक वह नहीं रुकेगी। इजराइल का मानना है कि गाजा में 23 बंधक अब भी जीवित हैं, हालांकि इजराइली अधिकारियों ने उनमें से तीन की स्थिति के बारे में चिंता व्यक्त की है।
