Iranian President Pezeshkian: नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल होने भारत पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की एक भारतीय धार्मिक गुरु से मुलाकात का वाकया चर्चा का केंद्र बना हुआ है। राजधानी दिल्ली में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में जहां भारतीय बुद्धिजीवी, कारोबारी और धार्मिक प्रतिनिधि उपस्थित थे, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज से भेंट की। इस दौरान राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने भारतीय संस्कृति के प्रति गहरा आदर व्यक्त करते हुए पारंपरिक अंदाज में झुककर चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
मुलाकात का यह वीडियो इंटरनेट पर काफी देखा जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि राष्ट्रपति पेजेश्कियान हिंदू धर्मगुरु के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए आगे झुकते हैं। वहां मौजूद लोगों ने इस पल को दोनों देशों के बीच मजबूत होते सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों के रूप में देखा।
न्याय और मानवीय गरिमा पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया के सभी दैवीय धर्मों का मूल उद्देश्य समाज में न्याय स्थापित करना और मानवीय मूल्यों व गरिमा की रक्षा करना है। वहीं, जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज ने सनातन परंपरा के वैश्विक शांति और भाईचारे के संदेश पर अपने विचार रखे।
कूटनीति के बीच दिखी सांस्कृतिक सौहार्द की झलक
राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की इस भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चाबहार पोर्ट और द्विपक्षीय संबंधों पर अहम चर्चा हुई है। हालांकि, कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक नीतिगत चर्चाओं के बीच राष्ट्रपति का यह सादगी भरा कदम भारतीय परंपराओं और परस्पर सम्मान का एक अनूठा उदाहरण बन गया है।
भारत के साथ रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंध
पेजेश्कियान की ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारत यात्रा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत बेहद अहम रही है। भारत और ईरान के बीच चाबहार बंदरगाह (Chabahar Port) और अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे (INSTC) पर तेजी से काम करने को लेकर सहमति बनी है। यह भारत को मध्य एशिया और रूस तक पहुंच प्रदान करता है।
सांस्कृतिक और कूटनीतिक गर्मजोशी
नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय परंपराओं का आदर करते हुए जगद्गुरु सतीशाचार्य जी महाराज का अभिवादन करने और पीएम मोदी व राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनकी गर्मजोशी भरी तस्वीरों ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया। यह दर्शाता है कि भारत इजरायल के साथ अच्छे संबंध रखते हुए भी ईरान के साथ अपने ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को मजबूती से संतुलित कर रहा है।
