देश

International Yoga Day 2026: योगमय हुआ देश; झांसी में सीएम योगी, मुंबई में फडणवीस तो चंपावत में धामी ने किया योग, देखें वीडियो

International Yoga Day 2026: देशभर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम है। कोलकाता में पीएम मोदी तो झांसी में , CM योगी ने योग किया है। जानें यूपी, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और बिहार समेत किस राज्य के मुख्यमंत्री ने कहां संभाली कमान।

Image

कोलकाता में पीएम मोदी तो तमाम राज्यों में मुख्यमंत्रियों ने किया योग

Photo : ANI

आज पूरे देश और दुनिया में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष योग दिवस की आधिकारिक थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' रखी गई है। इस खास मौके पर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ऐतिहासिक रेड रोड पर वैश्विक योग अभियान का नेतृत्व किया, वहीं देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी अपने-अपनें राज्यों में अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर इस जन-आंदोलन की कमान संभाली।

उत्तर प्रदेश: ऐतिहासिक झांसी किला मैदान में पहुंचे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष झांसी के ऐतिहासिक किला मैदान (Fort Ground) में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मंच पर उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने भारत की परंपराओं और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने एक ऐसा विजन दिया है, जिससे 140 करोड़ भारतीय दुनिया में गर्व के साथ आगे बढ़ रहे हैं और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार कर रहे हैं। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताया कि इस वर्ष उन्हें झांसी की इस ऐतिहासिक भूमि पर लोगों के साथ जुड़ने का अवसर मिला।

उत्तराखंड: चंपावत में सीएम धामी और 'योग ग्राम' का संकल्प

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित एक भव्य योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया और योगासन किए। प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सीएम धामी ने कहा कि 'देवभूमि' उत्तराखंड हमेशा से योग, साधना और तपस्या की भूमि रही है। योग को हर घर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार 'योग ग्राम' स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लागू की गई राज्य की योग नीति के तहत वेलनेस सेंटरों को वित्तीय सहायता दी जा रही है।

महाराष्ट्र: मुंबई में देवेंद्र फडणवीस ने की तनावमुक्त जीवन की अपील

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आज के जीवन में जो तनाव और चुनौतियां हैं, अगर उनसे मुक्त और स्वस्थ रहना है, तो केवल योगासन और योग विद्या ही हमें फिट रख सकती है। उन्होंने इस वैश्विक मुहिम को हर देश तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

हरियाणा, आंध्र और असम: केंद्रीय मंत्रियों और योग गुरुओं का साथ

हरियाणा के पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग किया। उन्होंने इसे भारत की शाश्वत चेतना का उत्सव बताते हुए कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा से आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक जन आंदोलन बन चुका है। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में योग गुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के साथ मंच साझा किया और योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के साथ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी हिस्सा लिया।

देश के अन्य राज्यों में मुख्यमंत्रियों का योग

'Yoga For Healthy Ageing' के संदेश को आगे बढ़ाते हुए देश के अन्य हिस्सों में भी मुख्यमंत्रियों ने योगासन किए। बिहार के पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ योग किया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मानसा में और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रमों का नेतृत्व किया। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने माउंट आबू, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भुवनेश्वर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गोवा और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने अगरतला में योग कर स्वास्थ्य और निरोगी जीवन का संदेश दिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article