देश

दिल्ली-उत्तराखंड में खालिस्तानी हमले की आशंका, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां, बढ़ाई गई सुरक्षा

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में खुफिया सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सुरक्षा अलर्ट में दिल्ली एवं उत्तराखंड में मंदिरों को निशाना बनाए जाने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस इमारतों पर भी खतरा होने की आशंका जताई गई है।

Image

दिल्ली में अलर्ट पर सुरक्षाकर्मी।

Photo : ANI

Khalistani terror threat : आने वाले दिनों में दिल्ली एवं उत्तराखंड की कुछ महत्वपूर्ण जगहों पर खालिस्तानी आतंकी हमले का कथित खतरा है। इस खतरे को देखते हुए इंटेलिजेंस एजेंसियों ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट में खुफिया सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि सुरक्षा अलर्ट में दिल्ली एवं उत्तराखंड में मंदिरों को निशाना बनाए जाने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और पुलिस इमारतों पर भी खतरा होने की आशंका जताई गई है।

हाई अलर्ट पर दिल्ली, उत्तराखंड पुलिस

रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों का कहना है खतरे और हमले का जिक्र करते हुए एक ई-मेल भेजा गया है। इस ई-मेल में कई मंदिरों, सरकारी कार्यालयों एवं नेताओं को संभावित खतरा बताया गया है। इस अलर्ट के बाद उत्तराखंड पुलिस, इंटेलिजेंस एजेंसीज और दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही

रिपोर्ट के मुताबिक संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है और एहतियात के तौर पर उन्हें और कड़ा किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने भी ईमेल की प्रामाणिकता का पता लगाने और उसके स्रोत (ऑरिजिन) की जांच शुरू कर दी है। इसी तरह का एक अलर्ट खुफिया एजेंसियों द्वारा जनवरी में, लगभग 26 जनवरी के आसपास जारी किया गया था, जिसमें प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठनों और बांग्लादेश स्थित आतंकवादी संगठनों द्वारा गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली और देश भर के कई अन्य शहरों को निशाना बनाने के संभावित प्रयास की चेतावनी दी गई थी।

बीते फरवरी में भी दिल्ली में जारी हुआ था अलर्ट

इसके बाद फरवरी में, लाल किले के पास संभावित आतंकवादी खतरे की खुफिया जानकारी के बाद राष्ट्रीय राजधानी में एक अलर्ट जारी किया गया था, जिसमें सूत्रों ने बताया था कि आतंकवादी चांदनी चौक इलाके में एक मंदिर को निशाना बना सकते हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार, लाल किले के आसपास के क्षेत्रों और चांदनी चौक के कुछ हिस्सों सहित प्रमुख धार्मिक स्थल, पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के रडार पर थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article