देश

दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो कंपार्टमेंट में स्मोक अलर्ट से मचा हड़कंप

Indigo Flight Emergency Landing: दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान को कार्गो कंपार्टमेंट में स्मोक अलर्ट मिलने के बाद एहतियातन राजकोट के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

Image

इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Indigo Flight Emergency Landing: दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुई इंडिगो की एक उड़ान (6E-1452) को सोमवार को एहतियातन राजकोट के हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुएं से जुड़ी चेतावनी मिलने के बाद पायलट ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान का मार्ग बदलने का फैसला लिया। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता और अफरातफरी का माहौल बन गया, लेकिन चालक दल ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला।

कितने लोग थे फ्लाइट में सवार?

जानकारी के अनुसार, विमान में चालक दल के सदस्यों समेत कुल 194 लोग सवार थे। चेतावनी मिलते ही पायलट ने वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) से संपर्क किया और मुंबई की बजाय निकटतम सुरक्षित विकल्प के रूप में राजकोट एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमान को सुरक्षित तरीके से हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया।

राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह सतर्क

इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। एहतियात के तौर पर रनवे पर सभी आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गईं। पुलिस, एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मी, चिकित्सा दल और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहले से ही तैनात कर दी गई थीं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। साथ ही पानी के टैंकर और अन्य बचाव संसाधनों को भी तैयार रखा गया।

तकनीकी पहलुओं की जांच जारी

विमान के सुरक्षित उतरने के बाद सभी 194 यात्रियों को क्रमबद्ध तरीके से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद विमान की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं की चेतावनी किस कारण से सक्रिय हुई। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम विमान के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। एयरलाइन की ओर से भी पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। समय रहते उठाए गए एहतियाती कदम और पायलट की सतर्कता की बदौलत संभावित खतरे को टाल दिया गया और सभी यात्रियों की सुरक्षित जान बचाई जा सकी।

कितने बजे उतरा विमान?

वहीं एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि संदेश मिलने के बाद दोपहर 2:45 बजे हवाई अड्डे पर आपात स्थिति घोषित की गई और विमान दोपहर 3:27 बजे सुरक्षित उतर गया। पुलिस ने बताया कि सभी यात्रियों को बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि तकनीशियनों ने धुएं का कारण पता लगाने के लिए विमान की जांच शुरू कर दी है। हवाई अड्डा पुलिस थाने के निरीक्षक केपी तारेटिया ने बताया कि पायलट ने वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) को संदिग्ध धुएं के बारे में जानकारी दी और गुजरात के राजकोट में आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article