देश

इंडिगो की फ्लाइट में सुप्रीम कोर्ट के वकील के साथ मारपीट, हैंड बैगेज को लेकर शुरू हुआ विवाद; FIR दर्ज

दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-6038 में कथित मारपीट का मामला सामने आया है। कोलकाता निवासी सुप्रीम कोर्ट के वकील सुहान मुखर्जी ने आरोप लगाया कि हैंड बैगेज निकालने के दौरान दूसरे यात्री से विवाद हुआ, जो कथित तौर पर मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। शिकायत के बाद जबलपुर के खमरिया थाने में FIR दर्ज कराई गई। वकील ने सिर, कंधे और पीठ में चोट लगने की बात कही है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर जांच शुरू कर दी है।

Image

दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में मारपीट। AI IMAGE

दिल्ली से जबलपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। मामला इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-6038 का बताया जा रहा है, जिसमें यात्रा कर रहे सुप्रीम कोर्ट के वकील ने दूसरे यात्री पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक, कोलकाता निवासी एडवोकेट सुहान मुखर्जी अपने तीन साल के बच्चे और एक केयरटेकर के साथ दिल्ली से जबलपुर आ रहे थे। आरोप है कि फ्लाइट के दौरान हैंड बैगेज निकालने को लेकर उनकी दूसरे यात्री से कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला कथित तौर पर मारपीट तक पहुंच गया।

वकील ने क्या लगाए आरोप?

वकील का आरोप है कि दूसरे यात्री ने न सिर्फ उनके साथ हाथापाई की बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद जबलपुर पहुंचने पर उन्होंने खमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में योगेश बंसल नाम के यात्री पर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद एडवोकेट का मेडिकल परीक्षण कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना में उनके सिर, कंधे और पीठ पर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फ्लाइट के अंदर हुई पूरी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

विवेक तन्खा ने मामले पर जताई चिंता

इस मामले पर राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को शर्मनाक बताते हुए पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने एफआईआर दर्ज होने में कथित देरी को लेकर मध्य प्रदेश पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article