देश

'भारतीय किसी दूसरे की स्क्रिप्ट के एक्टर नहीं हैं', US के 'परमिशन' वाले बयान पर कांग्रेस ने सरकार से मांगा जवाब

कांग्रेस ने शनिवार को पूछा कि अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत को 30 दिन की इजाजत देने की बात कही है, इस 'छूट' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'चुप' क्यों हैं। कांग्रेस ने पीएम मोदी को 'कमजोर' बताते हुए यूएस के इस बयान को भारत का 'अपमान' बताया है।

Image

यूएस ने भारत को रूस से तेल खरीदने की 30 दिन की इजाजत दी है।

Photo : ANI

Russian Oil Permission: रूस से तेल खरीदने की अनुमति देने वाले अमेरिका के बयान पर कांग्रेस ने सरकार की 'चुप्पी' पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने शनिवार को पूछा कि अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत को 30 दिन की इजाजत देने की बात कही है, इस 'छूट' पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'चुप' क्यों हैं। कांग्रेस ने पीएम मोदी को 'कमजोर' बताते हुए यूएस के इस बयान को भारत का 'अपमान' बताया है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में सरकार से जवाब मांगा है।

हम इसलिए नहीं आजाद हुए-कांग्रेस

फॉक्स बिजनेस के साथ स्कॉट बेसेंट के इंटरव्यू का हवाला देते हुए कांग्रेस ने X पर लिखा, 'भारतीय बहुत अच्छे एक्टर साबित हुए हैं। हमने उनसे रूसी तेल खरीदने से मना किया और इन्होंने ऐसा किया। अब हमने उन्हें रूस से तेल खरीदने की इजाजत दी है।'

कांग्रेस ने कहा कि 'यह बयान अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का है। इजाजत? भारत को? देश की 1.4 अरब की आबादी वाला देश वाशिंगटन की इजाजत का इंतजार कर रहा है। एक समझौतावादी प्रधानमंत्री की यही कीमत है जो देश चुका रहा है।' कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि भारत को आजादी इसलिए नहीं मिली कि एक कोई विदेशी हम पर अपनी मनमर्जी थोपे।

ऊर्जा आपूर्ति आसान बनाने के लिए इजाजत-बेसेंट

अमेरिका ने कहा है कि उसने पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति आसान बनाने के मकसद से भारत को उन पोत पर लदे रूसी तेल की खरीद की 'अनुमति’ दे दी है, जो पहले से समुद्री मार्गों पर हैं। फॉक्स बिजनेस को दिए एक साक्षात्कार में बेसेंट ने कहा, 'दुनिया में तेल की पर्याप्त आपूर्ति है। वित्त मंत्रालय ने भारत में हमारे सहयोगियों को उस रूसी तेल की खरीद शुरू करने की कल सहमति दे दी जो पहले से समुद्र में है।’उन्होंने कहा, 'भारतीयों ने बहुत अच्छा सहयोग दिया। हमने उनसे कहा था कि वे प्रतिबंधित रूसी तेल की खरीद बंद कर दें। उन्होंने ऐसा किया। वे इसकी जगह अमेरिकी तेल लेने वाले थे लेकिन दुनिया भर में तेल की अस्थायी कमी को दूर करने के लिए हमने उन्हें रूसी तेल स्वीकार करने की अनुमति दे दी है। हम रूसी तेल के अन्य प्रकारों से भी प्रतिबंध हटा सकते हैं।’

अमेरिकी 'इजाजत' पर भारत में विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भारत किससे तेल खरीदेगा, यह बताने वाला अमेरिका कौन होता है। हम आजाद मुल्क हैं, हम जिससे चाहें तेल खरीद सकते हैं। ओवैसी ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article