देश

दीप्ति ने चार्ली को किया आउट, पर अंग्रेज प्लेयर्स नाखुश; विश्वास बोले- दुष्ट संग ऐसा ही करना चाहिए

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 25, 2022, 12:36 PM IST

लंदन के लॉर्ड्स मैदान में भारत और इंग्लैंड के बीच हुए इस मुकाबले में दीप्ति ने नॉन स्ट्राइक छोर पर गेंदबाजी करने से पहले आगे निकल गई चार्ली डीन को रन आउट किया जिससे भारत यह मैच जीतने में सफल रहा। चार्ली डीन तब 47 रन पर खेल रही थी और इंग्लैंड को जीत के लिए 17 रन की दरकार थी।

Image

लंदन के लॉर्ड्स मैदान में 24 सितंबर, 2022 को England की चार्ली डीन को आउट करने के बाद India की दीप्ति शर्मा।

Photo : IANS
KEY HIGHLIGHTS
-भारतीय महिला टीम ने शनिवार को लॉर्ड्स में जीता तीसरा मैच
-16 रन से जीत कर तीन मैचों की श्रृंखला में किया क्लीनस्वीप
-साथ ही तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को दी शानदार विदाई

भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीमों के बीच हुए तीसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में हिंदुस्तानी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंग्लिश प्लेयर चार्ली डीन को जिस तरह रन आउट किया वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के नियमों के अनुसार पूरी तरह से वैध है। पर कई अंग्रेज प्लेयर्स इस पर नाखुश नजर आए। ऐसे खिलाड़ियों में स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन सरीखी चर्चित हस्तियां हैं। इस बीच, क्रिकेट के चाहने वालों का एक धड़ा ऐसा भी है, जो शर्मा के समर्थन में खुलकर आया। जाने-माने कवि कुमार विश्वास ने कहा- दुष्टों के साथ ऐसा ही किया जाना चाहिए।

उन्होंने मैच के उस पल का फोटो (शर्मा ने जब गेंद से गिल्ली उड़ाई थीं) शेयर करते हुए ट्वीट किया, "दो सदियों तक बिना क़ायदे-क़ानून, नृशंस-अमानवीय तरीक़े से विश्व भर के भोले देशों की निरपराध जनता का खून पीने वाले गोरे आज हमारी बेटी दीप्ति शर्मा के नियमानुकूल कौशल पर नैतिकता का ज्ञान दे रहे हैं। जीती रहो दीप्ति, तुमने कुछ ग़लत नहीं किया है,शास्त्र कहता है “शठे शाठ्यं समाचरेत्” (दुष्ट के साथ दुष्टता का ही व्यवहार करना चाहिए)।"

दरअसल, दीप्ति ने नॉन स्ट्राइक छोर पर गेंदबाजी करने से पहले आगे निकल गई चार्ली डीन को रन आउट (स्टंप पर गेंद छुआकर) कर दिया था। डीन तब 47 रन पर खेल रही थीं और इंग्लैंड को जीत के लिए 17 रन की दरकार थी। यह रन आउट खेल के नियमों के अनुसार था। ऐसे में भारत यह तीसरा मैच जीतने में सफल रहा। भारत ने 16 रन से जीत कर तीन मैचों की श्रृंखला में क्लीनस्वीप किया। साथ ही तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी को शानदार विदाई दी।

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा,‘‘ इतने अधिक अंग्रेजों को हारा हुआ देखना मजेदार है।’’ एक और ट्वीट में उन्होंने भारतीय टीम को जीत पर बधाई दी जिसने तेज गेंदबाज झूलन को शानदार विदाई दी। लिखा,‘‘ भारतीय लड़कियों की शानदार जीत। श्रृंखला जीतना झूलन गोस्वामी के लिए शानदार विदाई है।’’

दिग्गज ऑफ स्पिनर और इस तरह के रन आउट को मांकड़िंग (पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीनू मांकड़ के नाम पर) कहने का विरोध करने वाले रविचंद्रन अश्विन ने भी भारतीय टीम का समर्थन किया। उन्होंने ट्वीट किया,‘‘ऐसा क्या हो गया जो आप लोग अश्विन को ट्रेंड कर रहे हो। आज की रात की एक और गेंदबाजी नायिका है दीप्ति शर्मा।’’

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रॉड ने कहा,‘‘मुझे मांकड़िंग को लेकर बहस वास्तव में दिलचस्प लगती है। दोनों पक्षों में कई तरह के विचार हैं। मेरा निजी तौर पर मानना है कि मैं इस तरह से मैच जीतना पसंद नहीं करूंगा और मैं इस तरह की अलग सोच रख कर खुश हूं।’’ इस बीच, जेम्स एंडरसन ने कहा,‘‘ मैं कभी यह समझ नहीं पाऊंगा खिलाड़ियों को इसकी जरूरत क्यों पड़ती है।’’

अंग्रेज खिलाड़ी सैम बिलिंग्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘निश्चित रूप से कोई ऐसा व्यक्ति नहीं होगा जिसने यह खेल खेला हो और उसे यह स्वीकार्य हो। यह क्रिकेट का खेल नहीं है।’’ दरअसल, इस तरह का रन आउट हमेशा नियमों के तहत आता था लेकिन इसे खेल भावना के विपरीत माना जाता था। आईसीसी ने हाल में खेल की परिस्थितियों में बदलाव करके इस तरह के रन आउट को ‘अनुचित खेल’ से हटाकर ‘रन आउट’ वर्ग में डाल दिया था। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Abhishek Gupta
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article