देश

'पाकिस्तान को उसके कुकर्मों के लिए जिम्मेदार ठहराए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय', POK के हालातों पर भारत ने बोला हमला

पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के हालातों को लेकर भारत ने पाकिस्तान पर हमला बोला है। साथ ही भारत ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह पाकिस्तान को उसके कुकर्मों के लिए जिम्मेदार ठहराए।

Image

POK में हिंसक प्रदर्शनों को लेकर भारत ने बोला पाकिस्तान पर हमला।

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में इस समय हालात बेहद खराब हैं। यहां की सड़कों पर 'पाक आर्मी गो बैक' जैसे नारे लग रहे हैं। इन सबके बीच जारी विरोध प्रदर्शनों और हालात को लेकर भारत ने पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के हालातों और पाकिस्तान द्वारा इसे लेकर फैलाई जा रही खबरों को लेकर कहा कि कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक विफलताओं और मानवाधिकार उल्लंघनों से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी खबरों और वीडियो का सहारा ले रहा है।

पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का- विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सवाल के जवाब में कहा कि पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का है। हम लगातार पाकिस्तान की ओर से फर्जी सूचनाओं और भ्रामक वीडियो के प्रसार को देख रहे हैं। उन्होंने इसे अपनी नाकामियों को छिपाने का पाकिस्तान का हताश प्रयास बताया।

वहां मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन-भारत

रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से पुलिस की बर्बरता की खबरें सामने आ रही हैं, जिनमें कई लोगों के मारे जाने और अनेक लोगों के घायल होने की सूचना है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है। जायसवाल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान सरकार की इस बर्बरता पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इन घटनाओं पर ध्यान देना चाहिए और पाकिस्तान को उसके कथित कुकर्मों तथा दुर्व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।

बता दें कि भारत का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में विरोध प्रदर्शनों और प्रशासन के खिलाफ लोगों के आक्रोश की खबरें सामने आ रही हैं। भारत लंबे समय से POK में मानवाधिकारों की स्थिति और वहां के लोगों के अधिकारों के मुद्दे को उठाता रहा है।

अब तक 30 लोगों की मौत, 200 घायल

अलग-अलग सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना की फायरिंग में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और 200 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि मौत का यह आंकड़ा सैकड़ों के पार जा चुका है। पीओके में विद्रोह की आग से रावलपिंड़ी से लेकर इस्लामाबाद तक हुक्मरान डर-सहम गए हैं। लोगों के प्रदर्शन को कुचलने के लिए पाकिस्तानी के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने सेना को खुली छूट दे दी है। पाकिस्तानी सुरक्षाबल की सख्ती और दमनपूर्ण कार्रवाइयों के आगे लोग झुक नहीं रहे हैं।

आर-पार की लड़ाई के मूड में लोग

विधानसभा की 12 आरक्षित सीटें भंग करने की मांग को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब आजादी की मांग तक पहुंच गया है। पीओके की सड़कों पर बस एक ही आवाज गूंज रही है वह है पाकिस्तान से आजादी। लोग अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। POJK के नेता आदिल रजा ने कहा है कि अब लोग पाकिस्तान से अपनी आजादी लेकर रहेंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article