देश

'अफवाहों पर ध्यान न दें, न पैनिक करें,' LPG सिलेंडर की सप्लाई को लेकर केंद्र सरकार ने देशवासियों से क्या की अपील?

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच दुनियाभर में कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर संकट पैदा हो रहा है। हालांकि, भारत में न तो गैस की आपूर्ति की कमी है और न ही गैस की। दिल्ली में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत में पेट्रोल और डीजल की किसी भी तरह की कमी नहीं है और घबराने की जरूरत नहीं है।

Image

देश में गैस और तेल की आपूर्ति को लेकर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जानकारी दी। AI Generated

US Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच सैन्य संघर्ष की वजह से मिडिल ईस्ट में अशांति का माहौल है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है, जिसकी वजह से दुनिया में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति पर संकट पैदा हो चुका है।

इसी बीच दिल्ली में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत में पेट्रोल और डीजल की किसी भी तरह की कमी नहीं है और घबराने की जरूरत नहीं है।

सुजाता शर्मा ने कहा, "घरेलू घरों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इसी प्रकार अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को भी एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है। आज तक एलपीजी का घरेलू उत्पादन 30 प्रतिशत बढ़ गया है। 5 मार्च की तुलना में हमारी रिफाइनरियां वर्तमान में 30% अधिक एलपीजी का उत्पादन कर रही हैं।

उन्होंने कॉमर्शियल सैलेंडर का जिक्र कर कहा कि इन्हें प्राथमिकता के आधार पर वितरण की सुविधा के लिए राज्य सरकारों के पास उपलब्ध करा दिया गया है। हम राज्य सरकारों से अनुरोध करते हैं कि वे प्राथमिकता मानदंड निर्धारित करें और यह सुनिश्चित करें कि ये वाणिज्यिक सिलेंडर लक्षित उपभोक्ताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचें।"

देश की कुल रिफाइनिंग क्षमता 258 मिलियन मीट्रिक टन: केंद्र सरकार

उन्होंने बताया कि भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता करीब 258 मिलियन मीट्रिक टन है और देश पेट्रोल व डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर है। इसी वजह से इन ईंधनों के लिए आयात की आवश्यकता नहीं पड़ती।

उन्होंने कहा कि देश की सभी रिफाइनरियां फिलहाल 100 प्रतिशत या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं और उनके पास कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

'सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति जारी है'

पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय के अनुसार देश में PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) और CNG (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति भी बिना किसी रुकावट के जारी है। घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की सप्लाई में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जा रही है।

सुजाता शर्मा ने यह भी कहा कि बड़े शहरों में कुछ व्यावसायिक उपभोक्ताओं को एलपीजी पर निर्भरता के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार उनकी समस्या के समाधान के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने नजदीकी City Gas Distribution (CGD) नेटवर्क प्रदाता या अधिकृत डीलर से संपर्क कर PNG कनेक्शन ले सकते हैं।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर सरकार की नजर: शिपिंग मंत्रालय

शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी राजेश कुमार सिन्हा (Rajesh Kumar Sinha) ने बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के आसपास भारतीय जहाजों और नाविकों की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।

फारस की खाड़ी में 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज

उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में स्थित फारस की खाड़ी में फिलहाल 24 भारतीय ध्वज वाले जहाज मौजूद हैं, जिन पर कुल 677 भारतीय नाविक सवार हैं। यह संख्या पिछले दिन के बराबर ही है।

वहीं होर्मुज के पूर्व में स्थित ओमान की खाड़ी में पहले चार भारतीय जहाज थे, लेकिन कल एक तेल टैंकर जग प्रकाश उस क्षेत्र से निकल गया। इसके बाद अब वहां तीन भारतीय जहाज रह गए हैं, जिन पर 76 भारतीय नाविक मौजूद हैं। राजेश कुमार सिन्हा के मुताबिक पूरे खाड़ी क्षेत्र में करीब 23,000 भारतीय नाविक विभिन्न जहाजों, जैसे मर्चेंट शिप और ऑफशोर वेसल्स पर काम कर रहे हैं।

तीन भारतीय नाविकों की मौत

राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि संकट के बीच तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है, जबकि एक नाविक अभी भी लापता है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार अन्य भारतीय नाविक घायल हुए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि देश में गैस आपूर्ति को बनाए रखने के लिए LPG कैरियर जहाजों को प्रमुख बंदरगाहों पर प्राथमिकता के साथ बर्थिंग (लंगर डालने की अनुमति) दी जा रही है, ताकि जरूरी ईंधन की सप्लाई प्रभावित न हो।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article